जबलपुर। निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार शहर की मूलभूत सुविधाओं को और अधिक बेहतर बनाने के लिए अधिकारियों के साथ नियमित रूप समीक्षा कर रहे हैं। इसी कड़ी में आज भी उन्होंने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में निगमायुक्त ने लोककर्म, जल प्रदाय, विद्युत व्यवस्था और सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को फील्ड में उतरकर काम करने और पार्षदों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने के कड़े निर्देश दिए हैं।
*स्वच्छ जलापूर्ति और जल संरक्षण सबसे पहली प्राथमिकता*
बैठक में निगमायुक्त ने स्पष्ट किया कि नागरिकों को स्वच्छ और निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित करना निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके साथ ही उन्होंने जल संरक्षण की दिशा में विशेष प्रयास करने पर जोर दिया, ताकि भविष्य के लिए जल स्रोतों को सुरक्षित किया जा सके। उन्होंने जल प्रदाय विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे लीकेज और दूषित पानी की शिकायतों पर तुरंत एक्शन लें।
शहर की स्ट्रीट लाइट और विद्युत अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए भी निगमायुक्त ने ठोस रणनीति बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्य मार्गों के साथ-साथ वार्डों की आंतरिक गलियों में भी प्रकाश व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त होनी चाहिए।निगमायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में नागरिकों के साथ निरंतर संवाद और समन्वय बनाए रखें। नागरिकों की समस्याओं के समाधान को लेकर निगमायुक्त बेहद गंभीर नजर आए। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों से कहा कि शिकायतकर्ता की संतुष्टि के साथ फीडबैक लेकर बंद कराया जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
लोककर्म विभाग की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने शहर में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समय-सीमा पर ध्यान देने की बात कही। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की गति ऐसी होनी चाहिए जिससे आम नागरिकों को उसका लाभ समय मिल सके। बैठक में सभी विभागीय प्रमुख आदि उपस्थित रहे।


