जबलपुर। घमापुर थाना पुलिस ने कट्टा अड़ाकर एक्सिस स्कूटी लूटने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई एक्सिस स्कूटी, वारदात में इस्तेमाल की गई पल्सर मोटरसाइकिल, एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 18 जुलाई को समदड़िया ग्रीन सिटी, माढ़ोताल निवासी 56 वर्षीय धर्मपाल सिंह राजपूत ने घमापुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वह करियापाथर मरघटाई में खारी विसर्जन कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। इसी दौरान काली मंदिर मरघटाई के पास काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों ने उन्हें रोक लिया। एक आरोपी ने उन पर देशी कट्टा तान दिया, जबकि अन्य दो आरोपियों ने उनसे छीना-झपटी की। इसके बाद एक आरोपी उनकी एक्सिस स्कूटी क्रमांक MP 20 ZB 2684 लेकर फरार हो गया।
शिकायत के आधार पर घमापुर पुलिस ने अपराध क्रमांक 477/26 दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने राम मंदिर के पास मैदान में दबिश देकर साहिल सेन (19) और राज सोनकर (21) को वारदात में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान दोनों ने अपने साथी सम्मान रैकवार (19) के साथ मिलकर लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटी गई एक्सिस स्कूटी, वारदात में इस्तेमाल की गई पल्सर मोटरसाइकिल, एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद कर लिया है। आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है।


