महापौर, निगमाध्यक्ष, एम.आई.सी. सदस्यों, और निगमायुक्त ने अधिकारियों कर्मचारियों को बुलाकर प्रदान किये आदेश*
*ऐतिहासिक रूप से एक साथ 218 अधिकारियों कर्मचारियों के पदोन्नति से नगर निगम में उत्सव का माहोल*
जबलपुर। मध्यप्रदेश शासन की जनकल्याणकारी और कर्मचारी-हितैषी पहल पर नगर निगम में एक अभूतपूर्व और ऐतिहासिक कार्य संपन्न हुआ है। लंबे समय से पदोन्नति की प्रतीक्षा कर रहे नगर निगम के 218 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को एक साथ पदोन्नति का लाभ प्रदान किया गया है। इस निर्णय से न केवल कर्मचारियों के चेहरे खिल उठे हैं, बल्कि पूरे नगर निगम परिसर में खुशी और उत्सव का माहौल निर्मित हो गया है।
कर्मचारियों के सम्मान और उनके योगदान को रेखांकित करने के लिए सभी कर्मचारियों कोे एक साथ कार्यालय बुलाया गया। इस अवसर पर महापौर जगत बहादुर सिंह ‘‘अन्नू’’, निगमाध्यक्ष रिकुंज विज, एम.आई.सी. सदस्य डॉ. सुभाष तिवारी, विवेकराम सोनकर, दामोदर सोनी, श्रीमती अंशुल राघवेन्द्र यादव, श्रीमती रजनी कैलाश साहू तथा निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने स्वयं सभी 218 अधिकारियों और कर्मचारियों को बारी-बारी से बुलाकर शुभकामनाएं दीं और पदोन्नति पत्र सौंपे।
उल्लेखनीय है कि जबलपुर नगर निगम के इतिहास में यह पहला अवसर है जब इतनी बड़ी संख्या में अधिकारियों और कर्मचारियों को एक साथ पदोन्नति का लाभ दिया गया है। इस निर्णय से कर्मचारियों का मनोबल और उत्साह है, जिसका सीधा सकारात्मक असर शहर की प्रशासनिक व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं के विस्तार पर पड़ेगा। मध्यप्रदेश शासन और निगम प्रशासन की इस पहल ने यह साबित कर दिया है कि जनसेवा में समर्पित कर्मचारियों के हितों की रक्षा और उनका संवर्धन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। आदेश मिलते ही अधिकारियों-कर्मचारियों ने एक-दूसरे को बधाई दी और शासन एवं निगम नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर अपर आयुक्त अशफाक परवेज कुरैशी, देवेन्द्र चैहान, व्ही.एन. बाजपेयी, सौरभ मिश्रा, सहायक आयुक्त श्रीमती शिवांगी महाजन, स्थापना अधीक्षक संजय, पटैल, प्रधान लिपिक वीरू मार्वे के साथ स्थापना शाखा की पूरी टीम उपस्थित रहीं।


