23.9 C
Jabalpur
July 23, 2026
सी टाइम्स
राष्ट्रीय

‘स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में चंद्रशेखर आजाद के साहस और देशभक्ति का गौरवपूर्ण स्थान’, जयंती पर बोले पीएम मोदी

नई दिल्ली,  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चंद्रशेखर आजाद को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की है। उन्होंने कहा कि भारत के स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में चंद्रशेखर आजाद के निडर साहस और अटूट देशभक्ति का गौरवपूर्ण स्थान है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “चंद्रशेखर आजाद को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि। भारत के स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में उनके निडर साहस और अटूट देशभक्ति का गौरवपूर्ण स्थान है। उन्होंने अनगिनत युवा भारतीयों को देश के प्रति खुद को समर्पित करने के लिए प्रेरित किया। उनका संकल्प पीढ़ियों को प्रेरित करता रहता है।”

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी चंद्रशेखर आजाद की जयंती पर उन्हें नमन किया। रक्षा मंत्री ने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “महान स्वतंत्रता सेनानी चंद्रशेखर आजाद जी की जयंती पर उन्हें शत-शत नमन। उन्होंने न सिर्फ ब्रिटिश शासन के खिलाफ आजीवन संघर्ष किया बल्कि हर भारतीय के मन में स्वाभिमान, आत्मविश्वास और राष्ट्रचेतना जगाने का भी कार्य किया।” राजनाथ सिंह ने कहा, “चंद्रशेखर आजाद ने अपने अदम्य साहस, अटूट संकल्प और सर्वोच्च बलिदान से भारतीय स्वतंत्रता संग्राम को नई ऊर्जा प्रदान की व अनगिनत युवाओं के हृदय में मातृभूमि के प्रति समर्पण की ज्योति प्रज्वलित की।

केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लिखा, “मां भारती के अनन्य उपासक, महान क्रांतिकारी और अमर हुतात्मा चंद्रशेखर आजाद की जयंती पर उनके चरणों में कोटि-कोटि नमन करता हूं। मातृभूमि की स्वतंत्रता के लिए आपने त्याग, संघर्ष और बलिदान की जो अमर गाथा लिखी है, वह युगों-युगों तक हम सभी को राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित करती रहेगी।”

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘एक्स’ पर लिखा, “‘दुश्मन की गोलियों का हम सामना करेंगे, आजाद ही रहे हैं, आजाद ही रहेंगे’ के उद्घोषक और महान क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद की जयंती पर विनम्र श्रद्धांजलि। उनका जीवन हम सभी को राष्ट्रहित में कर्तव्यपथ पर अग्रसर रहने की सदैव प्रेरणा प्रदान करता रहेगा।”

दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने पोस्ट किया, “अमर शहीद, महान क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद जी की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन। स्वाधीनता के लिए आपका अदम्य साहस, अटूट स्वाभिमान और सर्वोच्च बलिदान प्रत्येक भारतीय के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा।”

मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव ने ‘एक्स’ पोस्ट में कहा, “स्वतंत्रता संग्राम के नायक, मध्यप्रदेश की माटी के गौरव चंद्रशेखर आजाद जी की जयंती पर सादर नमन करता हूं। अदम्य साहस और मातृभूमि के प्रति अटूट समर्पण से उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन को नई ऊर्जा प्रदान की। उनका त्याग, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति का संदेश हर भारतीय को देशसेवा के लिए प्रेरित करता है।”

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने लिखा, “अदम्य साहस, अद्वितीय पराक्रम और अटूट राष्ट्रभक्ति के प्रतीक अमर क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद की जयंती पर उन्हें कोटिशः नमन। मां भारती की स्वतंत्रता के लिए उनका सर्वोच्च त्याग, अटूट स्वाभिमान और राष्ट्र के प्रति समर्पण प्रत्येक भारतवासी के लिए प्रेरणास्रोत है।

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लिखा, “जिस वीर ने मातृभूमि की स्वतंत्रता के लिए हंसते-हंसते अपना सर्वस्व अर्पित कर दिया और अंतिम सांस तक ‘आजाद’ रहने का प्रण निभाया, ऐसे अमर क्रांतिकारी श्री चंद्रशेखर आजाद की जयंती पर उन्हें कोटिशः नमन। उनका अदम्य साहस, अटूट राष्ट्रभक्ति और अद्वितीय बलिदान युगों-युगों तक देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा।”

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने चंद्रशेखर आजाद को नमन करते हुए लिखा, “देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व समर्पित करने वाले आजाद ने युवाओं में क्रांति की अलख जगाई और अंग्रेजी हुकूमत की नींव को चुनौती दी। उनका शौर्य, त्याग और अदम्य राष्ट्रभक्ति भावी पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा व मातृभूमि के प्रति समर्पण के लिए सदैव प्रेरित करती रहेगी।”

अन्य ख़बरें

‘लोकमान्य तिलक ने जगाई राष्ट्रवाद की भावना’, जयंती पर प्रधानमंत्री मोदी समेत कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

Newsdesk

तेलंगाना: आदिलाबाद सीसीआई प्लांट के पुनरुद्धार पर सरकार रुख साफ करे, केटीआर ने सीएम रेवंत रेड्डी को लिखा पत्र

Newsdesk

ऑपरेशन ‘जल राहत’ के तहत असम में सेना ने तेज किए बाढ़ राहत अभियान, 990 लोगों को सुरक्षित निकाला

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading