नशे में सुरक्षा गार्ड प्लेटफॉर्म पर छोड़ गया था सामान
जबलपुर। जबलपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-6 पर गुरुवार रात लावारिस बैग मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की टीम मौके पर पहुंची और बैग को कब्जे में लेकर उसकी जांच की। बैग की तलाशी में लाइसेंसी 12 बोर की एकनाली बंदूक और दो जिंदा कारतूस मिलने से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सतर्कता बढ़ गई।
आरपीएफ पोस्ट प्रभारी राजीव खरब के अनुसार, रात करीब 11:10 बजे सफाईकर्मी बन्नो वंशकार ने प्लेटफॉर्म नंबर-6 के मुख्य द्वार यानी गेट नंबर-5 के पास नीले रंग का एक लावारिस बैग पड़े होने की सूचना दी थी। इसके बाद उप निरीक्षक प्रवीण कुमार के नेतृत्व में आरपीएफ टीम मौके पर पहुंची। गवाहों की मौजूदगी में बैग की तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान बैग के अंदर 12 बोर की लाइसेंसी एकनाली बंदूक, 65 एमएम के दो जिंदा कारतूस, बंदूक साफ करने का सामान, नोकिया का की-पैड मोबाइल, फास्टट्रैक की घड़ी, कपड़े और अन्य सामान बरामद हुआ। आरपीएफ ने मौके पर पंचनामा तैयार कर बैग के मालिक की तलाश शुरू की।
बैग के अंदर मिले आधार कार्ड और डायरी में दर्ज मोबाइल नंबर के आधार पर आरपीएफ ने बैग के मालिक से संपर्क किया। कुछ देर बाद एक व्यक्ति आरपीएफ पोस्ट पहुंचा और उसने अपना नाम भगत सिंह तोमर (42), निवासी कोंथर कला, जिला मुरैना बताया।
पूछताछ में भगत सिंह ने बताया कि वह जबलपुर के बिलपठार स्थित जीआरएम कंपनी में सुरक्षा गार्ड के रूप में काम करता है। वह ग्वालियर जाने के दौरान नशे की हालत में जल्दबाजी में अपना बैग रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर ही भूल गया था।
आरपीएफ द्वारा भगत सिंह के शस्त्र लाइसेंस सहित अन्य दस्तावेजों का सत्यापन किया गया। जांच में सभी दस्तावेज वैध पाए जाने के बाद नियमानुसार बैग, लाइसेंसी बंदूक, कारतूस, मोबाइल और अन्य सामान उसे वापस सौंप दिया गया। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 80 हजार रुपए बताई गई है।


