July 25, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

राजनगर में अमृत हरित अभियान, पौधारोपण से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

स्कूल, कॉलेज व छात्रावास परिसर में रोपे छायादार-फलदार पौधे, सफाई मित्रों को बांटे रेनकोटराजनगर। नगर परिषद बनगवां के तत्वावधान में शुक्रवार को अमृत हरित अभियान के तहत राजनगर में वृहद पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। शासकीय हाई स्कूल, शासकीय महाविद्यालय एवं शासकीय आदिवासी सीनियर बालक छात्रावास परिसर में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं नागरिकों ने छायादार एवं फलदार पौधे रोपे।
इस दौरान उपस्थित लोगों ने पौधों के संरक्षण का संकल्प लेते हुए पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ नगर निर्माण में सहभागिता का संदेश दिया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि पौधारोपण के साथ पौधों की देखभाल और संरक्षण भी जरूरी है, तभी अभियान का उद्देश्य सार्थक होगा।
सीएमओ की पहल से अभियान को मिली गति
नगर परिषद सीएमओ लखनलाल पनिका के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण के साथ स्वच्छता को भी प्रमुखता दी गई। सीएमओ ने कहा कि अमृत हरित अभियान का उद्देश्य सिर्फ पौधे लगाना नहीं, बल्कि उन्हें संरक्षित कर वृक्ष के रूप में विकसित करना है। प्रत्येक नागरिक यदि एक पौधे की जिम्मेदारी लेकर उसकी नियमित देखभाल करे तो राजनगर को हराभरा और स्वच्छ बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।
‘आज का पौधा कल बच्चों को देगा छांव’
कार्यक्रम में पार्षद पति संतोष (भीम) जायसवाल ने कहा कि आज लगाए गए पौधों का लाभ आने वाली पीढ़ियों को मिलेगा। उन्होंने कहा कि बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए घर, सड़क और अन्य सुविधाओं के साथ स्वच्छ हवा और हरा-भरा पर्यावरण भी जरूरी है।
उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि पौधारोपण को केवल एक दिवसीय आयोजन तक सीमित न रखें, बल्कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करें। एक पौधा लगाना प्रकृति के साथ-साथ आने वाली पीढ़ी के भविष्य में निवेश है।
सफाई मित्रों को रेनकोट व सामग्री वितरित
कार्यक्रम के दौरान नगर परिषद द्वारा सफाई मित्रों के सम्मान एवं सुरक्षा को लेकर भी पहल की गई। मानसून के दौरान सफाई कार्य में जुटे कर्मचारियों को रेनकोट सहित आवश्यक सामग्री वितरित की गई। सीएमओ लखनलाल पनिका, नगर परिषद उपाध्यक्ष धनंजय सिंह, संतोष (भीम) जायसवाल सहित जनप्रतिनिधियों ने सफाई मित्रों को सामग्री प्रदान कर उनके कार्यों की सराहना की।
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि सफाई मित्र नगर की स्वच्छता व्यवस्था के प्रहरी हैं। बारिश और विपरीत परिस्थितियों में भी उनके द्वारा लगातार सेवाएं दी जाती हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा और सम्मान नगर परिषद की प्राथमिकता होनी चाहिए।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में पूर्व मंडल अध्यक्ष सुरेश गौतम, मंडल अध्यक्ष कमलेश चतुर्वेदी, धर्मेंद्र सिंह, राजू त्रिपाठी, संतोष (भीम) जायसवाल, पूर्व जिला अध्यक्ष सुनीता सिंह, सचिन द्विवेदी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, विद्यालय एवं महाविद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक, छात्र-छात्राएं, छात्रावास के विद्यार्थी तथा प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकार उपस्थित रहे।
‘एक पौधा लगाएं, एक भविष्य बचाएं’ के संदेश के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

अन्य ख़बरें

समाज का हर वर्ग मिलकर नशे के विरुद्ध जन जागरण का हिस्सा बने

Newsdesk

भूतपूर्व सैनिकों हेतु आयोजित किया गया  स्वास्थ्य शिविर

Newsdesk

नगरपालिका धनपुरी के इनडोर स्टेडियम में आयोजित हुआ “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” जन-जागरूकता कार्यक्रम

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading