परिजनों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप, एफआईआर और मुआवजे की रखी मांग
अनूपपुर, । नगर पालिका अनूपपुर के वार्ड क्रमांक 10 में खेत में काम कर रहे एक किसान की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजन शव को एंबुलेंस से विद्युत विभाग कार्यालय लेकर पहुंचे और अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक 10 निवासी कमलेश पटेल पिता कल्लू पटेल उम्र 40 वर्ष धान रोपाई की तैयारी के लिए अपने खेत में मेड़ काट रहे थे। इसी दौरान खेत के ऊपर से गुजर रही एलटी (लो टेंशन) विद्युत लाइन का एक जर्जर तार अचानक टूटकर पानी से भरे खेत में गिर गया। खेत में करंट फैलने से कमलेश पटेल उसकी चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
मृतक के परिजनों का आरोप है कि संबंधित विद्युत पोल से तार लंबे समय से झूल रहा था। इसकी शिकायत कई बार विद्युत विभाग को दी गई थी, लेकिन विभाग ने समय रहते मरम्मत नहीं कराई। उनका कहना है कि विभाग की लापरवाही के कारण एक किसान की जान चली गई। घटना के बाद परिजन और ग्रामीण शव को एंबुलेंस से विद्युत विभाग कार्यालय लेकर पहुंचे और जमकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने, जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई करने तथा मृतक के परिवार को उचित मुआवजा और एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और विद्युत विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को उचित कार्रवाई और जांच का आश्वासन दिया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं देर शाम तक परिजनों का विरोध प्रदर्शन जारी रहा।फिलहाल पुलिस और विद्युत विभाग पूरे मामले की जांच में जुटे हैं। जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


