सिवनी- विश्व हेपेटाइटिस दिवस के अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पंकज दुबे एवं जेल अधीक्षक शिवकली वरवड़े के मार्गदर्शन में जिले की जेलों में हेपेटाइटिस बी एवं सी की जांच के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया गया।
अभियान के प्रथम दिन 28 जुलाई 2026 को जिला बाल सुधारालय गृह, सिवनी में 102 बंदियों की हेपेटाइटिस बी एवं सी की स्क्रीनिंग की गई। शिविर का उद्देश्य बंदियों में हेपेटाइटिस संक्रमण की समय पर पहचान कर उन्हें आवश्यक उपचार उपलब्ध कराना तथा संक्रमण की रोकथाम के प्रति जागरूक करना रहा।
शिविर के दौरान स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने बंदियों को हेपेटाइटिस बी एवं सी के संक्रमण के कारण, लक्षण, बचाव के उपाय, समय पर जांच के महत्व तथा उपलब्ध उपचार संबंधी विस्तृत जानकारी दी। साथ ही स्वच्छ जीवनशैली अपनाने एवं नियमित स्वास्थ्य जांच कराने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में जिला स्वास्थ्य एवं महामारी नियंत्रण अधिकारी डॉ. वंदना कमलेश, नोडल चिकित्सा अधिकारी डॉ. ललित मर्सकोले, उप मीडिया अधिकारी श्रीमती इंद्रा अड़कने, लैब टेक्नीशियन आशीष तिवारी एवं देवीदयाल डेहरिया, पीयर सपोर्टर आफरीन बानो, आईसीटीसी काउंसलर फौजिया अंजुम, सम्पूर्ण सुरक्षा केंद्र से नजीर अली एवं राकेशमोहन दुबे, शिक्षक रामविलास मालवीय, निर्देशक श्वेता बाखरे, अक्षय इनवाती सहित संबंधित स्वास्थ्य विभाग का अमला उपस्थित रहा।
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि इस प्रकार के विशेष शिविरों का उद्देश्य हेपेटाइटिस जैसी गंभीर बीमारी की समय पर पहचान कर उपचार सुनिश्चित करना तथा समाज में इसके प्रति जागरूकता बढ़ाना है, ताकि “हेपेटाइटिस मुक्त समाज” के लक्ष्य को साकार किया जा सके।


