जबलपुर। संयुक्त संचालक लोक शिक्षण घनश्याम सोनी की अध्यक्षता में आज सहायक शिक्षक/शिक्षक/उच्च माध्यमिक शिक्षक (प्राथमिक/माध्यमिक) संवर्ग के विषयांतर्गत पदोन्नति प्रक्रिया की समीक्षा एवं आवश्यक दिशा-निर्देशों के संबंध में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जबलपुर संभाग के सभी जिलों के जिला शिक्षा अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में श्री सोनी ने लोक शिक्षण संचालनालय, भोपाल द्वारा जारी निर्देशों के अनुरूप पदोन्नति प्रक्रिया को पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं समयबद्ध ढंग से संपादित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र लोकसेवकों का किसी भी स्थिति में पदोन्नति के अवसर से वंचित होना स्वीकार्य नहीं है। प्रत्येक जिले द्वारा तैयार की जा रही अंतिम पदक्रम सूची का सूक्ष्म परीक्षण करते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी पात्र कर्मचारियों के नाम नियमानुसार सम्मिलित हों तथा किसी प्रकार की त्रुटि या विसंगति न रहे।
संयुक्त संचालक श्री सोनी ने निर्देशित किया कि पदक्रम सूची में संबंधित लोकसेवकों के शैक्षणिक एवं विषय संबंधी विवरण का पूर्ण एवं स्पष्ट उल्लेख किया जाए। साथ ही अन्य जिलों अथवा संभागों से स्थानांतरित होकर आए कर्मचारियों के प्रकरणों का भी नियमानुसार परीक्षण कर आवश्यक जानकारी पृथक रूप से संधारित की जाए, ताकि पदोन्नति प्रक्रिया में किसी प्रकार का व्यवधान उत्पन्न न हो।
बैठक के दौरान जबलपुर संभाग के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों द्वारा संचालनालय के निर्देशानुसार अपेक्षित जानकारी एवं अभिलेख प्रस्तुत किए गए। संयुक्त संचालक श्री सोनी ने प्रस्तुत जानकारी की समीक्षा करते हुए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया तथा सभी जिलों को निर्देशित किया कि पदोन्नति से संबंधित शेष औपचारिकताओं का निराकरण सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय-सीमा में सुनिश्चित किया जाए।
श्री सोनी ने स्पष्ट किया कि पदोन्नति प्रक्रिया शासन की अत्यंत महत्वपूर्ण प्रशासनिक कार्यवाही है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों से अपेक्षा की कि शासन के निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए पारदर्शी, त्रुटिरहित एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करें, जिससे पात्र कर्मचारियों को समय पर पदोन्नति का लाभ प्राप्त हो सके।


