26.4 C
Jabalpur
August 2, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

38 वर्ष की गौरवपूर्ण सेवा उपरांत अशोक कुमार श्रीवास्तव को दी गई भावभीनी विदाई


भावुक माहौल में कर्मचारियों ने किया सम्मान
अनूपपुर। मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड वृत्त कार्यालय अनूपपुर में कार्यरत अनुभाग अधिकारी अशोक कुमार श्रीवास्तव के 38 वर्ष 4 माह 17 दिन के दीर्घ, सफल एवं गौरवपूर्ण सेवाकाल पूर्ण होने पर शुक्रवार को कार्यालय परिसर अनूपपुर में भव्य एवं गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में विभाग के कार्यपालन अभियंता राहुल श्रीवास्तव, सहायक अभियंता शुभम डावर, सागर गुप्ता, प्रोग्रामर जाकिर हुसैन, कनिष्ठ अभियंता मनीष जोशी, सुनील पटेल, कामता पटेल सहित वृत्त के कर्मचारियों, सेवानिवृत्त कर्मचारियों, शुभचिंतकों तथा श्री श्रीवास्तव के परिजनों की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी ने उनके उत्कृष्ट सेवाकाल को याद करते हुए भावभीनी विदाई दी तथा उनके स्वस्थ, सुखद एवं मंगलमय जीवन की कामना की।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया। इसके पश्चात अशोक कुमार श्रीवास्तव के लगभग चार दशक लंबे सेवाकाल की उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने कहा कि श्री श्रीवास्तव ने अपने पूरे कार्यकाल में कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी, अनुशासन एवं पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उन्होंने हमेशा उपभोक्ता हितों को ध्यान में रखते हुए विभागीय जिम्मेदारियों का निर्वहन किया और अपने कुशल नेतृत्व एवं अनुभव से विभाग को नई दिशा प्रदान की।
समारोह को संबोधित करते हुए अधिकारियों ने कहा कि श्री श्रीवास्तव ने कठिन परिस्थितियों में भी धैर्य, संयम और सकारात्मक सोच के साथ कार्य किया। उन्होंने कनिष्ठ कर्मचारियों का सदैव मार्गदर्शन किया तथा टीम भावना के साथ कार्य करने की प्रेरणा दी। उनकी कार्यशैली, सरल व्यवहार एवं सौम्य व्यक्तित्व के कारण वे विभाग के प्रत्येक कर्मचारी के बीच सम्मानित रहे।
वक्ताओं ने कहा कि किसी भी कर्मचारी की वास्तविक पहचान उसके पद से नहीं, बल्कि उसके कार्य, व्यवहार और सेवा भावना से होती है। अशोक कुमार श्रीवास्तव ने अपने सेवाकाल में इन सभी मूल्यों को आत्मसात करते हुए विभाग की गरिमा को बढ़ाया। उनके योगदान को लंबे समय तक याद किया जाएगा और आने वाली पीढ़ियां भी उनके अनुभव एवं कार्यशैली से प्रेरणा लेती रहेंगी।
इस अवसर पर विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपने-अपने अनुभव साझा किए। कई कर्मचारियों ने बताया कि श्री श्रीवास्तव ने हमेशा उन्हें परिवार के सदस्य की तरह सहयोग दिया तथा कठिन समय में उचित मार्गदर्शन प्रदान किया। उनके स्नेहपूर्ण व्यवहार और नेतृत्व क्षमता ने कार्यस्थल का वातावरण सदैव सकारात्मक बनाए रखा।
कार्यक्रम के दौरान श्री श्रीवास्तव को शॉल, श्रीफल, स्मृति-चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। उपस्थित सभी लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच उनके सम्मान में खड़े होकर अभिवादन किया। इस दौरान समारोह का वातावरण भावुक हो गया और अनेक कर्मचारियों ने उनके साथ बिताए वर्षों की यादें साझा कीं।
अपने विदाई उद्बोधन में अशोक कुमार श्रीवास्तव ने विभागीय अधिकारियों, सहकर्मियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें अपने पूरे सेवाकाल में सभी का भरपूर सहयोग, स्नेह एवं सम्मान मिला। उन्होंने कहा कि विभाग उनके लिए केवल कार्यस्थल नहीं, बल्कि एक परिवार रहा है। यहां बिताए गए 38 वर्ष 4 माह 17 दिन उनके जीवन की सबसे अमूल्य पूंजी हैं, जिन्हें वे सदैव संजोकर रखेंगे।
उन्होंने सभी कर्मचारियों से ईमानदारी, अनुशासन, समर्पण एवं सेवा भावना के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि विभाग की प्रतिष्ठा बनाए रखना प्रत्येक कर्मचारी की जिम्मेदारी है। यदि सभी मिलकर पूरी निष्ठा के साथ कार्य करेंगे तो निश्चित रूप से विभाग नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।
समारोह के अंत में सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने  अशोक कुमार श्रीवास्तव के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं सुखद सेवानिवृत्त जीवन की कामना की। कार्यालय में कार्यक्रम का समापन सामूहिक छायाचित्र एवं जलपान के साथ सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुआ वही कर्मचारियों ने होटल गोविन्दम में वृहद विदाई समारोह का आयोजन किया, जहां श्री श्रीवास्तव का दोबारा सम्मान करते हुए भोजन के बाद समापन हुआ।

अन्य ख़बरें

संवाद योजनांतर्गत ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों का विकासखण्ड स्तरीय बैठक सह प्रशिक्षण बिछिया में संपन्न
नर्मदा की पुकार

Newsdesk

रंगनाथनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 9 हजार नशीली टैबलेट के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

Newsdesk

शाजापुर से भटका बालक जबलपुर रेलवे स्टेशन पर मिला, जीआरपी ने परिजनों से मिलवाया

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading