जबलपुर। शहर के हृदयस्थल एवं प्रमुख व्यावसायिक केंद्र सिविक सेंटर को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और आकर्षक बनाने की दिशा में प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। इसी उद्देश्य से व्यापारियों, लीजधारियों तथा विभिन्न सामाजिक एवं व्यावसायिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ लगातार संवाद और बैठकों का आयोजन किया जा रहा है।
बैठकों में सिविक सेंटर को अतिक्रमणमुक्त, व्यवस्थित और नागरिकों के लिए अधिक सुविधाजनक बनाने पर विस्तृत चर्चा हुई। व्यापारियों और प्रतिनिधियों ने पार्किंग व्यवस्था, सफाई, यातायात प्रबंधन, सौंदर्यीकरण, प्रकाश व्यवस्था तथा अतिक्रमण हटाने सहित कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। प्रशासन ने सभी सुझावों को गंभीरता से लेते हुए उन्हें आगामी कार्ययोजना में शामिल करने का आश्वासन दिया।
सिविक सेंटर केवल चाट-चौपाटी के लिए ही नहीं, बल्कि खरीदारी, व्यापार और सामाजिक गतिविधियों का भी प्रमुख केंद्र है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में शहरवासी और बाहर से आने वाले लोग यहां पहुंचते हैं। ऐसे में इसकी सुव्यवस्थित और स्वच्छ छवि शहर की पहचान को भी मजबूत करेगी।
प्रशासन ने कहा कि सभी हितधारकों के सहयोग और सहभागिता से सिविक सेंटर को एक आदर्श, स्वच्छ, सुरक्षित और आधुनिक व्यावसायिक केंद्र के रूप में विकसित करने के प्रयास लगातार जारी रहेंगे।


