ऑस्कर विजेता अभिनेता रसेल क्रो और प्रियंका चोपड़ा आगामी साइंस-फिक्शन एक्शन थ्रिलर फिल्म ब्लूफ्लाई में एक साथ नजर आने वाले हैं। प्रेडेटर्स और सुपरहिट सीरीज स्ट्रेंजर थिंग्स में अपनी छाप छोड़ चुके जाने-माने निर्देशक निमरॉड एंटल इस बड़े बजट की फिल्म का निर्देशन करेंगे। हॉलीवुड की इस बहुप्रतीक्षित फिल्म में प्रियंका और रसेल की जोड़ी पहली बार बड़े पर्दे पर एक साथ एक्शन और रोमांच का तड़का लगाती दिखेगी।रिपोर्ट के मुताबिक, इस प्रोजेक्ट को आधिकारिक तौर पर टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में खरीददारों के सामने पेश किया जाएगा।फिल्म की शूटिंग इसी साल ऑस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट में शुरू होगी।इसकी कहानी संयुक्त राष्ट्र के एक दुखी अनुवादक के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसे कांगो में एक सीक्रेट मिशन पर भेजा जाता है। उसका काम एक ऐसे रहस्यमयी विमान को ढूंढना है, जिसका अस्तित्व ही दुनिया से छिपा हुआ था।
3 लेखकों द्वारा लिखित इस फिल्म के निर्माण की कमान 6 निर्माताओं की टीम संभाल रही है, जबकि ग्लोबल डिस्ट्रीब्यूशन हाइलैंड फिल्म ग्रुप देखेगा।ग्रुप की सीईओ एरियन फ्रेजर ने कहा, ब्लूफ्लाई में रसेल क्रो और प्रियंका चोपड़ा जोनास जैसे शानदार कलाकार हैं। ये डेनिस विलेन्यूवे की फिल्म अराइवल की तरह ही गहरी भावनाओं और भारी जोखिम से भरी एक बेहतरीन साइंस-फिक्शन थ्रिलर है। हम दुनियाभर के खरीदारों के सामने इस प्रोजेक्ट को पेश करने के लिए बेहद उत्साहित हैं।निर्देशक निमरॉड एंटल ने कहा, ब्लूफ्लाई एक बेहद रोमांचक और दमदार किरदारों वाली थ्रिलर फिल्म है, जो साहसिक साइंस-फिक्शन पर आधारित है। ये ठीक वैसी ही वास्तविक, रहस्यमयी और तनावपूर्ण फिल्म है, जैसी मुझे पसंद है। इससे बेहतर स्टारकास्ट और टीम नहीं मिल सकती थी।
निमरॉड एंटल एक प्रसिद्ध हंगेरियन-अमेरिकी फिल्म निर्देशक, लेखक और अभिनेता हैं। उन्हें हॉलीवुड की चर्चित साइंस-फिक्शन और एक्शन फिल्मों जैसे प्रेडेटर्स, वेकेंसी और सुपरहिट टीवी सीरीज स्ट्रेंजर थिंग्स के निर्देशन के लिए जाना जाता है।रसेल पिछली बार फिल्म न्यूरेमबर्ग में नजर आए थे और अब उनके पास हाइलैंडर जैसी बड़ी फिल्में हैं।उधर प्रियंका भी लगातार नए प्रोजेक्ट्स के साथ अपने हॉलीवुड करियर का विस्तार कर रही हैं। उनकी इस यात्रा में ब्लूफ्लाई एक और बड़ा और अहम अध्याय जोडऩे जा रही है, जो उनके प्रशंसकों के लिए काफी खास होने वाला है।प्रियंका निर्देशक एसएस राजामौली की पैन इंडिया फिल्म वाराणसी से भारतीय सिनेमा में भी अपनी धमाकेदार वापसी करने को तैयार हैं।


