लॉस एंजिल्स, अमेरिका के यूटा राज्य में लगी जंगल की भीषण आग को बुझाने के दौरान शुक्रवार (स्थानीय समय) को एक फायरफाइटिंग हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया।अमेरिकी फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन के अनुसार, दो लोगों को ले जा रहा एक सिकोरस्की एस-64 हेलीकॉप्टर, स्थानीय समय के हिसाब से सुबह करीब 10 बजे यूटा के रिचफील्ड के पास क्रैश हो गया।
न्यूज एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, फायर अधिकारियों ने कहा कि हेलीकॉप्टर वाइडमाउथ 2 में लगी आग के पास क्रैश हुआ। यह अभी यूटा के 2026 की दूसरी सबसे बड़ी जंगल की आग है।अधिकारियों के मुताबिक, इमरजेंसी कर्मचारियों को मौके पर भेजा गया है। हेलीकॉप्टर में सवार दो लोगों की हालत के बारे में तुरंत जानकारी नहीं मिल पाई।फिशलेक नेशनल फॉरेस्ट में यूएस फॉरेस्ट सर्विस ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि इमरजेंसी कर्मचारी मौके पर हैं।राज्य की इंटर-एजेंसी पब्लिक इन्फॉर्मेशन एजेंसी ‘यूटा फायर इंफो’ के अनुसार 27 जुलाई को बिजली गिरने से लगी जंगल की आग ने अब तक 1,05,000 एकड़ यानी करीब 425 वर्ग किमी क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया है। आग पर अब तक 19 फीसदी काबू पाया जा सका है।600 से ज्यादा दमकल कर्मचारी आग बुझाने में लगे हैं। लकड़ी, झाड़ियों और घास के जलने से बढ़ती आग के कारण कम से कम छह इमारतें तबाह हो गई हैं।


