मंडला में पदस्थ स्वेतांक चौरसिया के आवास पर पहुंची जबलपुर से 12 सदस्यीय टीम, दस्तावेज और बैंक खातों की जांच जारी
जबलपुर/मंडला। आय से अधिक संपत्ति की शिकायत के बाद आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) जबलपुर की टीम ने पश्चिम सामान्य वन मंडल, मंडला में पदस्थ लिपिक स्वेतांक चौरसिया के राज राजेश्वरी वार्ड स्थित आवास पर तड़के करीब 3 बजे दबिश दी। 12 सदस्यीय टीम की कार्रवाई अभी जारी है। अधिकारियों द्वारा लिपिक और उनके परिजनों की संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों, बैंक खातों और अन्य वित्तीय रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।
प्राथमिक जानकारी के मुताबिक EOW को शिकायत मिली थी कि लिपिक ने अपनी आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति अर्जित की है। इसी शिकायत के आधार पर टीम ने आवास पर पहुंचकर तलाशी शुरू की। घर के अलग-अलग कमरों में अलमारियों और लॉकर की भी जांच की गई।
15 से अधिक संपत्ति दस्तावेज मिले
तलाशी के दौरान लिपिक और उनके परिजनों के नाम दर्ज भूखंड, मकान और कृषि भूमि से संबंधित 15 से अधिक मूल दस्तावेज मिलने की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा 8 बैंक खातों की पासबुक, 4 एफडी के दस्तावेज और शेयर बाजार में निवेश से संबंधित प्रमाण पत्र भी जांच टीम ने अपने कब्जे में लिए हैं। घर में मिली नकदी और सोने-चांदी के आभूषणों का मूल्यांकन कराया जा रहा है।
20 साल के आय-व्यय का होगा मिलान
EOW टीम लिपिक की करीब 20 वर्षों की सेवा अवधि के वेतन और अन्य वैध आय का रिकॉर्ड जुटा रही है। अधिकारियों द्वारा वैध आय की तुलना बरामद संपत्तियों और पारिवारिक खर्चों से की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा कि संपत्ति ज्ञात आय से कितनी अधिक है। टीम को जांच में दो से तीन दिन लगने की संभावना है।


