जबलपुर। क्राइम ब्रांच और थाना तिलवारा पुलिस की संयुक्त टीम ने अवैध शराब के परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नेशनल हाईवे पर एक पिकअप वाहन से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब जब्त की है। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर 192 पेटियों में रखी 1664 बोतल और 2670 क्वार्टर, कुल 1713.600 लीटर शराब बरामद की। शराब, पिकअप वाहन और दो मोबाइल फोन सहित जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 19 लाख 20 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार बीती रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि अंधमुख बाईपास रोड से जबलपुर-नागपुर मार्ग होते हुए ग्राम घाना की ओर एक पिकअप में भारी मात्रा में अवैध शराब ले जाई जा रही है। सूचना पर क्राइम ब्रांच और तिलवारा पुलिस ने जोधपुर पड़ाव पेट्रोल पंप के पास नेशनल हाईवे पर घेराबंदी कर वाहनों की निगरानी शुरू की।
कुछ देर बाद अंधमुख की ओर से पिकअप क्रमांक MP 20 ZQ 1873 आती दिखाई दी। पुलिस ने वाहन को रोककर तलाशी ली। वाहन में चालक के अलावा एक अन्य व्यक्ति भी मौजूद था। दोनों ने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया, लेकिन घेराबंदी के चलते पकड़े गए।
पूछताछ में चालक ने अपना नाम घनश्याम झारिया (29), निवासी ग्राम खैरी, थाना जबेरा, जिला दमोह और उसके साथ बैठे व्यक्ति ने राहुल यादव (28), निवासी चांदमारी तलैया, थाना घमापुर, जबलपुर बताया।
तलाशी के दौरान वाहन से बैगपाइपर, गोवा, 8 पीएम, ऑफिसर्स च्वाइस, मैकडॉवेल नंबर-1, ओल्ड मंक, आइकोनिक, मैजिक मूवमेंट और रॉयल स्टैग सहित विभिन्न ब्रांड की शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब की कीमत करीब 17.12 लाख रुपये बताई है। इसके अलावा करीब 2 लाख रुपये कीमत का पिकअप वाहन और दोनों आरोपियों के मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस शराब के स्रोत और इसे जबलपुर में कहां पहुंचाया जाना था, इसकी जानकारी जुटा रही है।


