जबलपुर। जबलपुर-मंडला रोड पर बरेला टोल नाका के पास गुरुवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बेकाबू हुई कार बाइक सवार दो युवकों से जा टकराई। हादसे में दोनों बाइक सवार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, बरेला टोल नाका के पास तेज रफ्तार ट्रक ने कार को साइड से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही कार अनियंत्रित होकर बाइक सवारों से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर जा गिरे और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही बरेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल कार चालक को उपचार के लिए जबलपुर रेफर कराया। वहीं, मृतकों की पहचान और हादसे की परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी गई है।बताया जा रहा है कि बाइक सवार दोनों युवक मंडला जिले के बीजाडांडी क्षेत्र के रहने वाले थे और अपने घर लौट रहे थे।
हादसे के बाद ट्रक चालक फरार
कार को टक्कर मारने के बाद ट्रक चालक ट्रक समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि ट्रक और कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि टक्कर के बाद कार बाइक सवारों समेत करीब 200 मीटर तक घिसटती चली गई। दुर्घटना में कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार का नंबर MP 51 ZB 3909 बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी हुई है।


