हिन्दी प्रतियोगिताओं के साथ नाट्य मंचन, चित्रकला, कार्टून और पुस्तक प्रदर्शनी का आयोजन
जबलपुर। मध्यप्रदेश विद्युत परिवार हिन्दी समिति द्वारा हिन्दी महोत्सव 2026 का आयोजन 13 से 17 सितंबर तक किया गया है। एमपी पावर मैनेजमेंट कंपनी, मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी, मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी व पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी की सहभागिता में चार दिवसीय हिन्दी महोत्सव नए स्वरूप व आकर्षक ढंग से आयोजित होगा।
कार्यालयीन टीप, भाषण, सामान्य ज्ञान, नाट्य मंचन व पुस्तक प्रदर्शनी-मध्यप्रदेश विद्युत परिवार हिन्दी समिति के अध्यक्ष एमपी पावर मैनेजमेंट कंपनी के कार्यपालक निदेशक मानव संसाधन व प्रशासन फिरोज कुमार मेश्राम ने जानकारी दी कि चार दिवसीय हिन्दी महोत्सव में शालेय विद्यार्थियों के लिए चित्रकला प्रदर्शनी, कार्यालयीन टीप लेखन, तत्कालिक भाषण व हिन्दी साहित्य, व्याकरण व भाषा विज्ञान पर केन्द्रित सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता आयोजित होगी। हिन्दी महोत्सव का विशेष आकर्षण जबलपुर के रंग समूहों की नाट्य प्रस्तुतियां होंगी। हिन्दी महोत्सव में विख्यात कार्टूनिस्ट राजेश दुबे के कार्टून व छायाकार अजय धाबर्डे की जबलपुर पर केन्द्रित छायाचित्र प्रदर्शनी संयोजित की गई है। प्रतिवर्ष की तरह इस बार भी हिन्दी की श्रेष्ठ पुस्तकों की प्रदर्शनी व विक्रय व्यवस्था आयोजन स्थल पर की गई है।
प्रतियोगिता में नियमित व संविदा कर्मियों के साथ बाह्यसेवा प्रदाता के माध्यम से नियोजित कार्मिक भी भाग ले सकेंगे-इन प्रतियोगिताओं में जबलपुर स्थित विद्युत कंपनियों के नियमित व संविदा कार्मिकों के अलावा बाह्यसेवा प्रदाता के माध्यम से नियोजित कार्मिक भी भाग ले सकेंगे। प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को व्यक्तिगत पुरस्कार के साथ प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे। चार दिवसीय प्रतियोगिता के सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान करने का निर्णय लिया गया।
मध्यप्रदेश विद्युत परिवार हिन्दी समिति के अनुराग नायक, नितिन खत्री, दीपक निगम, लोकेश उपाध्याय, अमरचंद कुशवाहा, नुसरत सिद्दीकी, मनीषा झारिया, अंकिता सिंह, संजय आनंद ने विद्युत कंपनियों के समस्त कार्मिकों से चार दिवसीय आयोजन में सक्रिय सहभागिता का अनुरोध किया है।


