September 4, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

नागरिक हमारे लिए देवतुल्य, कार्यों में लापरवाही और देरी बर्दाश्त नहीं : महापौर

जबलपुर। नगर निगम मुख्यालय में आने वाले नागरिकों की समस्याओं का समय-सीमा में निराकरण और उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्थाओं का जायजा लेने महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू’ ने गुरुवार को विभिन्न कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग, अपर आयुक्त कक्ष, अधीक्षण यंत्री कार्यालय, राजस्व शाखा, जल विभाग सहित अन्य प्रमुख अनुभागों की व्यवस्थाएं देखीं और अधिकारियों-कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने कहा कि शहर का प्रत्येक नागरिक हमारे लिए देवतुल्य है। नागरिक अपने कार्यों और समस्याओं को लेकर नगर निगम कार्यालय आते हैं, इसलिए उनकी समस्याओं को संवेदनशीलता और सम्मान के साथ सुनना अधिकारियों-कर्मचारियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नागरिकों के कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
महापौर ने विभिन्न शाखाओं में रखी फाइलों, जनसुनवाई के आवेदनों तथा नागरिक सेवाओं की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आवेदनों का निराकरण निर्धारित समय-सीमा में किया जाए और नागरिकों को उनके आवेदन की स्थिति की सही जानकारी समय पर उपलब्ध कराई जाए, ताकि उन्हें एक ही कार्य के लिए बार-बार नगर निगम कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने सभी कार्यालयों में रिकॉर्ड और दस्तावेज व्यवस्थित रखने, बेहतर साफ-सफाई, आगंतुकों के बैठने की समुचित व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं बेहतर करने के निर्देश भी दिए। महापौर ने कहा कि अधिकारी और कर्मचारी अपने दायित्वों का पूरी ईमानदारी, तत्परता और निष्ठा के साथ निर्वहन करें, ताकि नागरिकों को नगर निगम की सेवाओं का बेहतर लाभ मिल सके।

अन्य ख़बरें

नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैयालाल

Newsdesk

बरगी बांध में 96.46% जलभराव, 13 गेट खुले; नर्मदा में 4012 क्यूमेक पानी छोड़ा जा रहा

Newsdesk

थैलेसीमिया व सिकलसेल पीड़ितों की मदद के लिए किया रक्तदान

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading