SDM को सौंपा ज्ञापन।7 से 30 दिन की समय-सीमा तय
मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन की चेतावनी
इंट्रोअनूपपुर जिले के पुष्पराजगढ़ क्षेत्र में स्वास्थ्य, सड़क और यातायात की बदहाल व्यवस्था को लेकर अब आवाज बुलंद होने लगी है। पुष्पराजगढ़ विकास मंच ने क्षेत्र की प्रमुख जनसमस्याओं को लेकर अनुविभागीय दंडाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर समय-सीमा में समाधान की मांग की है। मंच ने स्वास्थ्य केंद्र में विशेषज्ञ डॉक्टरों और स्टाफ की कमी, सोनोग्राफी सुविधा का अभाव, अस्पताल की सफाई व्यवस्था, जर्जर सड़कों और मुख्यालय में यातायात व्यवस्था को लेकर प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
अनूपपुर।जिले के पुष्पराजगढ़ विकास मंच का कहना है कि आदिवासी और ग्रामीण बहुल क्षेत्र होने के बावजूद यहां की बुनियादी सुविधाएं लंबे समय से सवालों के घेरे में हैं। सबसे बड़ी चिंता स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर है, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों, मेडिकल स्टाफ तथा तृतीय-चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों के रिक्त पदों के कारण मरीजों को परेशानी उठानी पड़ रही है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सोनोग्राफी सुविधा नहीं होने से गर्भवती महिलाओं और गंभीर मरीजों को जांच के लिए दूर जाना पड़ता है। वहीं अस्पताल परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था पर भी सवाल उठाए गए हैं।दूसरी ओर रीवा-अमरकंटक मुख्य मार्ग पर पटना से पोड़की तक बड़े-बड़े गड्ढे और सड़क किनारे खराब शोल्डर दुर्घटनाओं को न्योता दे रहे हैं। पोड़की-बिजौरी मार्ग की स्थिति भी खराब बताई गई है। राजेंद्रग्राम मुख्यालय में स्कूल समय पर भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक और मुख्य मार्ग से बस-ऑटो की अवैध पार्किंग हटाने की मांग भी ज्ञापन में प्रमुखता से शामिल है।
स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों और स्टाफ की कमी
पुष्पराजगढ़ क्षेत्र के सबसे बड़े स्वास्थ्य केंद्र में विशेषज्ञ डॉक्टरों, मेडिकल स्टाफ और तृतीय-चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों की कमी का मुद्दा विकास मंच ने प्रमुखता से उठाया है। मंच का कहना है कि पर्याप्त चिकित्सकीय अमला नहीं होने से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को समय पर इलाज नहीं मिल पाता। मंच ने प्रशासन से स्वास्थ्य केंद्र में स्वीकृत लेकिन रिक्त सभी आवश्यक पदों को 30 दिवस के भीतर भरने की मांग की है, ताकि क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाया जा सके।सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सोनोग्राफी की सुविधा उपलब्ध नहीं होने का मुद्दा भी ज्ञापन में उठाया गया है। खासकर गर्भवती महिलाओं को जांच के लिए दूर जाना पड़ता है, जिससे समय और पैसे दोनों की परेशानी होती है। गंभीर मरीजों के लिए भी यह सुविधा बेहद जरूरी बताई गई है। विकास मंच ने अस्पताल में आवश्यक सोनोग्राफी उपकरण उपलब्ध कराने के साथ रेडियोलॉजिस्ट की व्यवस्था 30 दिवस के भीतर सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही अस्पताल परिसर में साफ-सफाई और स्वच्छता व्यवस्था तत्काल सुधारने की मांग की गई है।
पटना-पोड़की और बेनीवारी-सागरटोला मार्ग जर्जर
रीवा-अमरकंटक मुख्य मार्ग के पटना से पोड़की तक सड़क पर बने जानलेवा गड्ढों को लेकर मंच ने चिंता जताई है। सड़क के किनारे शोल्डर खराब होने से वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है। इसी तरह बेनीवारी-सागरटोला जाने वाले मुख्य मार्ग की खराब हालत भी ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। विकास मंच ने इन मार्गों पर गड्ढों की मरम्मत और शोल्डर भराई का काम सात दिवस के भीतर कराने की मांग की है।पोड़की से बिजौरी तक जाने वाली सड़क भी लंबे समय से खराब स्थिति में होने का आरोप विकास मंच ने लगाया है। सड़क पर जगह-जगह क्षतिग्रस्त हिस्सों के कारण ग्रामीणों, विद्यार्थियों और राहगीरों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के दौरान समस्या और बढ़ने की बात कही गई है। मंच ने प्रशासन से इस मार्ग का तत्काल निरीक्षण कर पेंचवर्क एवं आवश्यक मरम्मत कार्य सात दिवस के भीतर पूरा कराने की मांग की है, ताकि लोगों को सुरक्षित आवागमन मिल सके।
राजेंद्रग्राम में स्कूल समय पर भारी वाहन और मुख्य मार्ग पर बस-ऑटो पार्किंग पर रोक की मांग
राजेंद्रग्राम मुख्यालय में विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर स्कूल समय में भारी वाहनों के प्रवेश पर तत्काल रोक लगाने की मांग की गई है। इसके लिए सुबह 9:30 से 10:30 और शाम 3:30 से 5 बजे तक का समय निर्धारित करने का सुझाव दिया गया है। वहीं पुष्पराजगढ़ मुख्यालय में निर्धारित बस और ऑटो स्टैंड होने के बावजूद मुख्य मार्ग पर वाहनों की पार्किंग से जाम और दुर्घटना की स्थिति बनने का आरोप है। मंच ने अवैध पार्किंग हटाकर बस-ऑटो को निर्धारित स्टैंड से संचालित कराने की मांग की है।पुष्पराजगढ़ विकास मंच ने प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय-सीमा में जनहित की इन मांगों पर ठोस कार्यवाही नहीं हुई, तो मंच क्षेत्रवासियों के साथ लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन और चरणबद्ध प्रदर्शन करेगा। मंच ने कहा कि उसका उद्देश्य किसी राजनीतिक दल के पक्ष या विपक्ष में जाना नहीं, बल्कि क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं का समाधान कराना है।


