विरोध करने पर संचालक-कर्मचारियों से मारपीट
जबलपुर। शहर के सीओडी तिराहा स्थित एक प्रसिद्ध मिठाई दुकान में कथित अवैध वसूली को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि चार युवक दुकान पर पहुंचे और पैसे की मांग करने लगे। दुकान संचालक और कर्मचारियों ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने दुकान में तोड़फोड़ करते हुए लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी। घटना में बीच-बचाव करने पहुंचे कर्मचारी के सिर में गंभीर चोट आई है।
जानकारी के अनुसार, सीओडी तिराहा स्थित मिठाई दुकान के संचालक मुन्ना गुप्ता दुकान पर मौजूद थे। इसी दौरान गधेरी निवासी अर्जुन यादव और सागर यादव अपने दो अन्य साथियों के साथ वहां पहुंचे। दुकान संचालक के मुताबिक, आरोपियों ने उनसे अवैध वसूली के लिए पैसे की मांग की। पैसे देने से इनकार करने पर विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने दुकान में तोड़फोड़ करते हुए संचालक व कर्मचारियों के साथ मारपीट शुरू कर दी।
मारपीट रोकने और बीच-बचाव करने के लिए कर्मचारी कल्लू कुशवाहा आगे आया। आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने उस पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से कल्लू कुशवाहा घायल होकर लहूलुहान हो गया। वारदात के बाद आरोपी धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
रांझी थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी के अनुसार, दुकान संचालक मुन्ना गुप्ता की शिकायत पर अर्जुन यादव, सागर यादव सहित दो अन्य आरोपियों के खिलाफ अवैध वसूली और मारपीट की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।


