सी टाइम्स कुरई – सेवा, समर्पण और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को विद्यार्थियों के जीवन का हिस्सा बनाने के उद्देश्य से सेवा संकल्प अभियान के तहत पंडित जवाहरलाल नेहरू हायर सेकेंडरी स्कूल चक्की खमरिया में प्रेरक एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को समाज के प्रति अपने दायित्व, सेवा भावना, अनुशासन और आपसी सहयोग के महत्व से अवगत कराया गया।
कार्यक्रम के दौरान नोडल अधिकारी विष्णु अग्रवाल, रमेश वर्मा, संतोष चौरसिया एवं मीडिया प्रभारी नवनीत अग्निहोत्री ने विद्यार्थियों को सामाजिक सेवा के कार्यों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञान अर्जित करना नहीं, बल्कि समाज के प्रति संवेदनशील और जिम्मेदार नागरिक बनना भी है।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य अखिलेश तिवारी, सहायक प्राचार्य मनोज शर्मा, अनीता तिवारी, सुखराम यादव, सोहित विश्वकर्मा, शुभम पाल, प्रद्युम्न वर्मा, तुलसीदास वर्मा सहित विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने सेवा, सहयोग और सामाजिक सरोकारों को जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। विद्यार्थियों में कार्यक्रम को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान विद्यार्थियों में शिक्षा के साथ संवेदनशीलता, सामाजिक जिम्मेदारी और सहयोग की भावना विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।


