_गणेश उत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालु हुए शामिल, महाप्रसाद भंडारे में भक्तों ने ग्रहण किया प्रसाद_सिवनी/नंदौरा : श्री महामाया मंदिर नंदौरा में गणेश उत्सव के पावन पर्व पर प्रतिदिन भगवान श्री गणेश जी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना, आरती एवं भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। इसमें महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
श्री महामाया मंदिर गणेश पूजा उत्सव समिति के तत्वावधान में सोमवार 21 सितंबर को भगवान श्री गणेश जी का विधि-विधान से हवन-पूजन संपन्न कराया गया। इसके पश्चात बजरंग उत्सव समिति मोरखा, (चौरई) द्वारा बैंड की धुन पर भगवान श्री गणेश एवं मां श्री महामाया की भव्य महाआरती की गई। महाआरती के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा।
महिलाओं ने भी थाल में दीप प्रज्ज्वलित कर सामूहिक महाआरती में सहभागिता की। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं भक्तों ने महाआरती में शामिल होकर धर्मलाभ अर्जित किया।
हवन-पूजन एवं महाआरती के पश्चात समिति के तत्वावधान में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं को महाप्रसाद वितरित किया गया। नंदौरा सहित आसपास के ग्रामों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने आयोजन में सहभागिता की। आयोजन समिति ने सभी भक्तों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।


