23.4 C
Jabalpur
September 29, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

दुर्गा पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए:- कलेक्टर



समय-सीमा प्रकरणों की समीक्षा बैठक संपन्न
कलेक्टर राघवेंद्र सिंह की अध्यक्षता में आज समय-सीमा प्रकरणों की समीक्षा बैठक कलेक्‍टर सभागार में संपन्‍न हुई। बैठक में विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों, सीएम हेल्पलाइन, मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान, सेवा संकल्प अभियान, किसान पंजीयन और संबल योजना की तैयारियों की समीक्षा की।
बैठक में नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक गहलोत, डीएफओ पुनीत सोनकर, अपर कलेक्टर नीता राठौर, रविशंकर राय, शैलेंद्र सिंह, अखिलेश सिंह तथा सभी विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।

कलेक्टर श्री सिंह ने आगामी दुर्गा पूजा में होने वाले धार्मिक आयोजनों को देखते हुए सभी एसडीएम को अपने क्षेत्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं की समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में बनने वाले बड़े पंडालों की संख्या और स्थान की सटीक जानकारी तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही सुरक्षा की दृष्टि को देखते हुए पंडालों में विद्युत व्यवस्था, ट्रेस एवं अन्य ढांचों की मजबूती तथा सुरक्षित सामग्री और विद्युत तारों के उपयोग पर विशेष ध्यान देने के भी निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री सिंह ने सीएम हेल्पलाइन की विभागवार समीक्षा करते हुए शिकायतों के निराकरण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगर निगम, विद्युत, राजस्व, स्वास्थ्य एवं अस्पतालों से संबंधित शिकायतों का संबंधित अधिकारियों से समन्वय कर संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में आगामी सप्ताह आयोजित होने वाले मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत विभागवार लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। साथ ही संबल योजना की समीक्षा करते हुए लंबित सहायता आवेदनों की जानकारी लेकर पात्र प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।
उन्‍होंने आगामी धान उपार्जन को लेकर किसानों के पंजीयन की जानकारी लेते हुए सभी पात्र किसानों का पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सिहोरा, मझौली, पाटन, पनागर और जबलपुर ग्रामीण क्षेत्र में पंजीयन की प्रगति पर विशेष ध्यान दिया जाए।

बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के दौरान ग्राम परासिया में खाद्यान्न वितरण में दाल और चावल की गुणवत्ता एवं निर्धारित मात्रा की नियमित जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित पर्यवेक्षक को वितरण की निर्धारित मात्रा की जानकारी ना होने पर नियमानुसार कार्रवाई करने निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री सिंह ने सेवा संकल्प अभियान की आगामी गतिविधियों की समीक्षा करते हुए अभियान के सफल संचालन के लिए आवश्‍यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिविरों में आधार सुधार, समग्र और केवाईसी जैसी आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराने तथा विभागीय स्टॉल लगाने के लिए माइक्रो प्लान तैयार करें।

कलेक्टर श्री सिंह ने 7 अक्टूबर को प्रस्तावित सेवा ज्योति कलश यात्रा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए विधानसभा क्षेत्रवार रूपरेखा तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों को जोड़ते हुए यात्रा मार्ग एवं अन्य व्यवस्थाएं स्थानीय स्तर पर तय करते हुए जनपद स्तर पर बैठक कर योजना को अंतिम रूप दिया जाए।

बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने वन क्षेत्र से संबंधित लंबित कार्यों, विशेष रूप से वन अनुमति के कारण रुकी सड़कों एवं अन्य कार्यों की जानकारी तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने 5 अक्टूबर को प्रस्तावित दिशा समिति की बैठक की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी विभागों को अपनी पीपीटी 30 सितंबर तक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

अन्य ख़बरें

उखरी चौक पर स्कूल बस ने महिला को कुचला, मौके पर मौत

Newsdesk

संविदा कर्मियों को नियमित करने, आउटसोर्स कर्मचारियों को 50 प्रतिशत आरक्षण देने की मांग

Newsdesk

निर्माणाधीन भवन की लिफ्ट का तार टूटा, चार मजदूर घायल

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading