31.5 C
Jabalpur
September 28, 2026
सी टाइम्स
राष्ट्रीय

हैदराबाद में महिला के साथ यौन उत्पीड़न का प्रयास, चिल्लाने पर 60 हजार रुपए लूटकर भागा आरोपी कैब चालक



हैदराबाद, 28 सितंबर  हैदराबाद के बाहरी इलाके शमशाबाद के पास एक कैब चालक ने कथित तौर पर एक महिला के साथ यौन उत्पीड़न का प्रयास किया और उससे 60,000 रुपए लूट लिए। इस मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज करते हुए आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

अधिकारियों ने बताया कि यह घटना शुक्रवार (26 सितंबर) की रात को 2019 के दिशा मामले के स्थल के पास घटी, लेकिन सोमवार को इसका पता चला। 38 वर्षीय महिला ने राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा (आरजीआईए) पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने बाद में एफआईआर दर्ज की है।



पुलिस के अनुसार, महिला ने बताया कि वह 26 सितंबर को शाम करीब 6 बजे हैदराबाद आने के लिए जडचेरला में टैक्सी में बैठी थी। उसके पास नकद 60,000 रुपए थे। शमशाबाद पहुंचने पर ड्राइवर ने गचीबोवली जाने के लिए उससे 50 रुपए अतिरिक्त मांगे, जिसके लिए वह सहमत हो गई।



एफआईआर में कहा गया है कि टोंडुपल्ली टोल गेट पार करने के बाद ड्राइवर ने दवाइयां खरीदने के लिए ओआरआर सर्विस रोड पर एक मेडिकल शॉप पर गाड़ी रोक दी।



रात करीब 8:30 बजे, उसने कोथवालगुडा सर्विस रोड के किनारे एक सुनसान जगह पर गाड़ी रोकी और कथित तौर पर महिला के साथ छेड़छाड़ करने की कोशिश की। जब उसने शोर मचाया और गाड़ी से बाहर निकली, तो ड्राइवर ने नकदी वाला बैग छीन लिया और तेजी से भाग गया।



उसी रात मिली शिकायत के आधार पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 74, 318 (4), 303 (2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।



बता दें कि 27 नवंबर 2019 की रात को टोंडुपल्ली टोल गेट के पास ही 27 वर्षीय महिला डॉक्टर दिशा (बदला हुआ नाम) के साथ सामूहिक बलात्कार कर उसकी हत्या कर दी गई थी। दिशा का जला हुआ शव अगले दिन शादनगर के पास चटनपल्ली में मिला था। हालांकि, बाद में इस मामले में गिरफ्तार किए गए चार आरोपियों को 6 दिसंबर, 2019 को पुलिस के साथ कथित मुठभेड़ में मार गिराया गया था।



अन्य ख़बरें

‘उनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा’, एशियन गेम्स से मनु भाकर के खाली हाथ लौटने पर बोले पिता राम किशन

Newsdesk

श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचारों को धुंधला नहीं कर सकते : प्रतुल शाह देव

Newsdesk

दिल्ली की अदालत ने यौन उत्पीड़न मामले में बृजभूषण शरण सिंह और विनोद तोमर को जारी किया नोटिस

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading