रबी सीजन में किसानों और उपभोक्ताओं को मिलेगी बेहतर विद्युत आपूर्तिजबलपुर। मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) ने प्रदेश की विद्युत पारेषण व्यवस्था को मजबूत करते हुए रतलाम के 220 केवी सबस्टेशन की क्षमता में वृद्धि की है। वर्ष 1988 में स्थापित 160 एमवीए क्षमता के सेकंड जेनरेशन पावर ट्रांसफार्मर को हटाकर उसकी जगह थर्ड जेनरेशन तकनीक आधारित 220/132 केवी वोल्टेज स्तर का 200 एमवीए क्षमता का नया पावर ट्रांसफार्मर स्थापित कर सफलतापूर्वक ऊर्जीकृत किया गया।
ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने एमपी ट्रांसको के कार्मिकों को बधाई देते हुए कहा कि रतलाम जिले में पहली बार इतनी उच्च क्षमता का पावर ट्रांसफार्मर स्थापित कर ऊर्जीकृत किया गया है। इससे क्षेत्र की विद्युत पारेषण व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी। आगामी रबी सीजन में किसानों सहित अन्य उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने में भी मदद मिलेगी।
एमपी ट्रांसको के अधीक्षण अभियंता वायआर मांडलेकर ने बताया कि रतलाम में स्थापित 200 एमवीए क्षमता का यह ट्रांसफार्मर प्रदेश का 19वां और मालवा क्षेत्र का पांचवां ट्रांसफार्मर है। नए ट्रांसफार्मर के स्थापित होने से रतलाम 220 केवी सबस्टेशन की कुल ट्रांसफॉर्मेशन क्षमता बढ़कर 520 एमवीए हो गई है।
कंपनी के अनुसार, नई क्षमता से क्षेत्र में बढ़ते विद्युत भार को संभालने में मदद मिलेगी और रबी सीजन के दौरान कृषि एवं अन्य विद्युत उपभोक्ताओं की मांग को पूरा करने के लिए पारेषण व्यवस्था को अतिरिक्त मजबूती मिलेगी।


