45 पीएम ई-बस और 55 मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा की बसों को जनप्रतिनिधियों ने दिखाई हरी झंडी, जल्द जुड़ेंगी 69 और ई-बसें
जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक, सुगम और पर्यावरण-अनुकूल बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। शहर में 45 पीएम ई-बस सेवा और मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा की 55 बसों सहित कुल 100 नई बसों का भव्य शुभारंभ किया गया। महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू’, सांसद आशीष दुबे, विधायक अशोक ईश्वरदास रोहाणी, सुशील तिवारी ‘इंदु भैया’, डॉ. अभिलाष पांडे सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने हरी झंडी दिखाकर बसों को रवाना किया।
इस मौके पर भाजपा नगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर, नगर निगम अध्यक्ष रिंकू विज, जबलपुर विकास प्राधिकरण अध्यक्ष संदीप जैन, जेडीए उपाध्यक्ष प्रशांत केसरवानी सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
आधुनिक सुविधाओं से लैस हैं ई-बसें
नई ई-बसों में यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए कई अत्याधुनिक व्यवस्थाएं की गई हैं। बसों में जीपीएस ट्रैकिंग, सीसीटीवी कैमरे, पैनिक बटन, पैसेंजर अनाउंसमेंट सिस्टम, रूट डिस्प्ले, व्हीलचेयर लिफ्ट, एयर सस्पेंशन और फायर डिटेक्शन एवं अलार्म सिस्टम जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। बसों में 25 सीटें हैं और यात्रियों के चढ़ने-उतरने के लिए दो स्वचालित दरवाजे लगाए गए हैं।
कॉम्पैक्ट आकार की इन बसों को शहर की सड़कों और अपेक्षाकृत संकरे मार्गों पर आसानी से संचालित करने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। शून्य उत्सर्जन वाली इलेक्ट्रिक बसों से शहर में प्रदूषण कम करने और हरित परिवहन को बढ़ावा देने में मदद मिलने की उम्मीद है।
छिंदवाड़ा, बालाघाट और सागर के लिए भी बस सेवा
मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के तहत जबलपुर को आसपास के जिलों और प्रमुख कस्बों से जोड़ने के लिए भी बस सेवाएं शुरू की गई हैं। जबलपुर-छिंदवाड़ा मार्ग पर 6, जबलपुर-बालाघाट पर 2 और जबलपुर-सागर मार्ग पर 2 बसें चलेंगी। इसके अलावा जबलपुर-कटंगी, जबलपुर-मझोली और जबलपुर-सिहोरा मार्ग पर 2-2 बसों का संचालन किया जाएगा।
इन 7 रूटों पर दौड़ेंगी पीएम ई-बसें
शहर के भीतर पीएम ई-बस सेवा के तहत सात प्रमुख रूट निर्धारित किए गए हैं। इनमें ई-1 मदर टेरेसा नगर से रांझी घाना, ई-2 आईएसबीटी से तिलवारा घाट, ई-3 आईएसबीटी से ग्वारीघाट, ई-4 रेलवे स्टेशन से पनागर, ई-7 आईएसबीटी से बरेला, ई-9 रेलवे स्टेशन से भेड़ाघाट और ई-11 आईएसबीटी से डुमना एयरपोर्ट मार्ग शामिल हैं।
जल्द आएंगी 69 और ई-बसें
कार्यक्रम में बताया गया कि निकट भविष्य में जबलपुर को 69 और पीएम ई-बसें मिलने की संभावना है। इनके शामिल होने के बाद शहर और उपनगरीय क्षेत्रों में करीब 150 बसों का नेटवर्क तैयार होगा। इससे शहरवासियों, छात्रों, दैनिक यात्रियों और पर्यटकों को आधुनिक, सुविधाजनक और पर्यावरण-अनुकूल सार्वजनिक परिवहन का लाभ मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में नगर निगम के एमआईसी सदस्य डॉ. सुभाष तिवारी, विवेक राम सोनकर, अंशुल राघवेन्द्र यादव, पार्षद मोनिका पुष्पेन्द्र सिंह, रेणु कोरी, प्रतिभा भापकर, अपर आयुक्त देवेन्द्र सिंह चौहान, जेसीटीएसएल के सीईओ सचिन विश्वकर्मा, सहायक शीतल उपाध्याय सहित अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।


