जबलपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर नगर निगम जबलपुर ने ‘सेवा मेरा योगदान’ और ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत शहरभर में व्यापक स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण अभियान चलाया। अधारताल तालाब, भटौली विसर्जन कुंड, महाराजपुर तालाब, माण्डवा बस्ती, सरकारी कुआं चौधरी बस्ती और रानीताल सर्वोदय नगर सहित सभी संभागों में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, सफाई मित्रों और स्कूली बच्चों ने श्रमदान किया।
अधारताल तालाब में महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, राज्यसभा सांसद श्रीमती सुमित्रा बाल्मीक, विधायक अशोक ईश्वरदास रोहाणी, विधायक सुशील तिवारी, निगमाध्यक्ष रिंकू विज, महानगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर, ग्रामीण अध्यक्ष राजकुमार पटैल, जेडीए अध्यक्ष संदीप जैन और निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया।
महापौर ने मशीन के माध्यम से अधारताल तालाब की चोई की सफाई भी कराई। अभियान के दौरान विभिन्न स्थानों पर पौधरोपण कर उनके संरक्षण का संकल्प लिया गया। स्कूली बच्चों को स्वच्छता, कचरा पृथक्करण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
नगर निगम ने सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ लोगों को शपथ दिलाई और ‘मेरा थैला मेरी शान’ अभियान के तहत कपड़े के थैले वितरित किए। 50 से अधिक स्वच्छता मित्रों ने पीपीई किट में सफाई कार्य किया। सफाई के बाद मच्छर एवं मलेरिया रोधी कीटनाशक का छिड़काव भी कराया गया। कार्यक्रम के अंत में सफाई मित्रों का माला पहनाकर सम्मान किया गया और प्रमाण पत्र वितरित किए गए। सभी स्थलों पर उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई।


