जबलपुर। जिला समन्वय एवं निगरानी (दिशा) समिति की बैठक सोमवार को सांसद आशीष दुबे की अध्यक्षता में हुई। करीब पांच घंटे चली बैठक में केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों की विभागवार समीक्षा की गई। सांसद दुबे ने कहा कि योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचना चाहिए तथा विकास कार्य गुणवत्ता और निर्धारित समयसीमा में पूरे किए जाएं। उन्होंने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से समन्वय के साथ कार्य करने को कहा।
जल जीवन मिशन की समीक्षा के दौरान पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़कों के रेस्टोरेशन में तकनीकी मापदंडों का पालन करने और सभी कार्य पूरे होने के बाद ही योजनाओं को हैंडओवर करने के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक स्टाफ एवं चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने, मरीजों को समय पर एंबुलेंस देने तथा जिला अस्पताल में रात के समय एक्स-रे और मेडिको लीगल सेवाएं सुनिश्चित करने को कहा गया।
यातायात व्यवस्था की समीक्षा में दुर्घटना संभावित क्षेत्रों और प्रमुख चौराहों पर सिग्नल, रिफ्लेक्टर व अन्य सुरक्षा उपाय मजबूत करने के निर्देश दिए गए। मालवीय चौक-कोतवाली तथा पांडे चौक-अंधेरदेव क्षेत्र में वन-वे व्यवस्था की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। ई-रिक्शा के रूट और कलर कोडिंग का सुझाव दिया गया।
सांसद ने राष्ट्रीय राजमार्गों के रखरखाव, प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के प्रचार, गुणवत्तापूर्ण खाद-बीज की उपलब्धता तथा बड़ादेव सिंचाई परियोजना में तेजी लाने के निर्देश दिए। पर्यटन, स्वच्छता, रेलवे और पंचायतों के राजस्व संबंधी कार्यों की भी समीक्षा हुई। कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह ने निर्देशों पर समयबद्ध कार्रवाई का आश्वासन दिया।


