जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र अंतर्गत व्हीकल फैक्ट्री के पास खुद को पाकिस्तानी बताने वाले युवक के मामले का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। संदिग्ध हालत में घूम रहे जिस युवक ने खुद को पाकिस्तान के रावलपिंडी का निवासी और नाम ‘हामिद अंसारी’ बताया था, वह असल में उत्तर प्रदेश का रहने वाला निकला। पुलिस जांच में सामने आया कि युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ (विक्षिप्त) है।
स्थानीय लोगों ने दी थी पुलिस को सूचना
घटना के दौरान स्थानीय लोगों ने जब युवक से पूछताछ की, तो उसने अपना नाम ‘हामिद अंसारी’ बताया और दावा किया कि वह रावलपिंडी (पाकिस्तान) का निवासी है। इस पर स्थानीय लोगों ने उस पर पास के एक मंदिर के समीप ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ के नारे लगाने का आरोप लगाते हुए तुरंत पुलिस को सूचना दी। हालांकि, पुलिस ने नारेबाजी के दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
डिफेंस एरिया के समीप पाकिस्तानी नागरिक मिलने की खबर से पुलिस-प्रशासन हरकत में आ गया। रांझी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवक को अभिरक्षा में ले लिया और गहन पूछताछ शुरू की। नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) रांझी सतीश साहू ने बताया कि जांच और पूछताछ के बाद युवक की सही पहचान शिवम पाठक, निवासी गौसगंज, जिला हरदोई (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
परिजनों को सुपुर्द करने की प्रक्रिया जारी
सीएसपी के अनुसार, युवक मानसिक रूप से विक्षिप्त है और लगातार भ्रामक बातें कर रहा था। रांझी पुलिस ने हरदोई में युवक के परिजनों से संपर्क कर उन्हें सूचना दे दी है और उसे सुरक्षित परिजनों को सुपुर्द करने की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


