प्रदीप उर्फ राजू यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
जबलपुर। गोरखपुर थाना क्षेत्र के गुप्तेश्वर इलाके में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एमजीएम से स्कूल की ओर जाने वाले मार्ग पर सड़क किनारे एक युवक का शव पड़ा मिला। राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मृतक की पहचान रामपुर छापर निवासी प्रदीप उर्फ राजू यादव के रूप में हुई है। वह पुताई मजदूर के रूप में काम करता था।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि राजू यादव किसी सड़क हादसे का शिकार हुआ होगा। हालांकि हादसा किस वाहन से और किन परिस्थितियों में हुआ, इसका अभी पता नहीं चल पाया है। घटनास्थल के आसपास किसी वाहन की मौजूदगी या दुर्घटना से जुड़े अन्य साक्ष्यों की भी पुलिस जांच कर रही है।
गोरखपुर पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना देकर मर्ग कायम कर लिया है। मामले की तह तक पहुंचने के लिए पुलिस आसपास की दुकानों, प्रतिष्ठानों और मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के जरिए यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि घटना के समय वहां से कौन-कौन से वाहन गुजरे थे और राजू की मौत किन परिस्थितियों में हुई।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले को संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत मानकर जांच आगे बढ़ा रही है।


