जबलपुर। लगभग 1 माह पूर्व नर्मदा एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में यात्रा कर रही एक महिला यात्री के जेवरों से भरा पर्स चोरी करने वाले आरोपी अरुण पिता सुनील लोनी 23 साल निवासी ग्राम गड़वास थाना पान उमरिया, जिला कटनी को जीआरपी थाना जबलपुर ने पकडऩे में सफलता हासिल की है। आरोपी के पास से लगभग 60 हजार रुपये के जेवर भी बरामद किये हैं.
लगातार ट्रेनों में हो रही घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक रेल जबलपुर सुंदर सिंह कनेश व अति पुलिस अधीक्षक रेल आशुतोष मिश्रा एवं उप पुलिस अधीक्षक रेल अंकिता सुल्या के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी संजीवनी राजपूत द्वारा लगातार स्टेशन पर चैकिंग कराई जा रही है. इसी क्रम में 12 अक्टूबर सोमवार को चैकिंग के दौरान एक व्यक्ति को रेलवे स्टेशन जबलपुर से संदिग्ध होने पर पूछताछ की गई. वह रेलवे स्टेशन आने का कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका उत्तर न देने पर हिकमतमाली से पूछताछ की गई तो आरोपी ने करीब एक माह पूर्व ट्रेन 18233 नर्मदा एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में सो रही महिला यात्री का लेडीज पर्स एक साथी के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया।
आरोपी के कब्जे से सोने के 6 लॉकेट, अनुमानित कीमत 42,000 तथा चांदी की एक जोड़ी पायल, अनुमानित कीमत 18,000, कुल 60,000 का मशरूका बरामद कर विधिवत जप्त किया गया। इस मामले में थाना प्रभारी, जीआरपी जबलपुर संजीवनी राजपूत, प्र आर संतोष चौबे, प्र आर अरुण तिवारी, प्र आर परशुराम, प्र आर रविकांत, प्र आर हरस्वरूप, प्र आर ओम प्रकाश बघेल का महत्वपूर्ण योगदान रहा।


