22 C
Jabalpur
October 18, 2026
सी टाइम्स
खेल

पहला टी20: डेब्यूटेंट निकी के साथ दीप्ति ने जुटाए 82 रन, भारत ने जिम्बाब्वे को 4 विकेट से हराया



रायपुर, 16 अक्टूबर । भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने शुक्रवार को शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए टी20 सीरीज के पहले मैच में जिम्बाब्वे को 4 विकेट से मात दी। इसी के साथ मेजबान टीम ने तीन मुकाबलों की सीरीज में 1-0 से बढ़त हासिल कर ली है। शेष दो मैच 18 और 20 अक्टूबर को इसी मैदान पर खेले जाने हैं, जिसके बाद तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज आयोजित होगी।



रायपुर में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी जिम्बाब्वे की टीम ने निर्धारित ओवरों में 5 विकेट खोकर सिर्फ 114 रन बनाए। इस टीम ने 7 के स्कोर पर बिलव्ड बिजा (0) का विकेट गंवा दिया था, जिसके बाद केलिस नधलोवु ने मोडेस्टर मुपाचिकवा के साथ दूसरे विकेट के लिए 53 रन जुटाकर मेहमान टीम को संभाला। मुपाचिकवा 16 रन बनाकर आउट हुईं।

इसके बाद शार्ने मेयर्स ने नधलोवु के साथ तीसरे विकेट के लिए 22 रन, जबकि न्याशा ग्वानजुरा के साथ चौथे विकेट के लिए 31 रन की साझेदारी करते हुए टीम को जैसे-तैसे शतक के पार पहुंचाया।

जिम्बाब्वे के लिए शार्ने मेयर्स ने 33 गेंदों में 2 छक्कों और 4 चौकों के साथ 43 रन की नाबाद पारी खेली, जबकि केलिस नधलोवु ने 44 गेंदों में 6 छक्कों के साथ 42 रन बनाए। भारत की तरफ से नंदनी शर्मा ने 4 ओवरों में सिर्फ 11 रन देकर 2 विकेट निकाले, जबकि श्री चरणी ने 4 ओवरों में 14 रन देकर 1 विकेट हासिल किया। इनके अलावा, क्रांति गौड़ और अरुंधति रेड्डी को 1-1 सफलता हाथ लगी।

इसके जवाब में भारत की शुरुआत बेहद खराब रही। ‘विमेन इन ब्लू’ ने 1.1 ओवरों में 14 के स्कोर पर नव नियुक्त कप्तान स्मृति मंधाना (9) का विकेट गंवा दिया। इसके बाद अनुष्का शर्मा तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरीं, लेकिन 1.4 ओवर में उनका विकेट भी गिर गया। अनुष्का 3 गेंदों का सामना करते हुए सिर्फ एक चौका लगा सकीं। तीसरे ओवर की दूसरी गेंद पर भारत को हरमनप्रीत कौर (1) के रूप में तीसरा झटका लगा। उस समय तक स्कोर सिर्फ 19 रन था। इसी स्कोर पर शेफाली वर्मा (4) भी पवेलियन लौट गईं।

भारत ने 3.1 ओवरों में सिर्फ 19 के स्कोर पर अपना चौथा विकेट गंवा दिया था। यहां से मैच जिम्बाब्वे की पकड़ में था, लेकिन डेब्यूटेंट निकी प्रसाद ने दीप्ति शर्मा के साथ पांचवें विकेट के लिए 63 गेंदों में 82 रन जुटाकर मेजबान टीम को जीत की दहलीज में पहुंचा दिया। दीप्ति सिर्फ 1 रन से अपना अर्धशतक चूकीं। उन्होंने 37 गेंदों में 8 चौकों के साथ 49 रन बनाए, जिसके बाद निकी ने मोर्चा संभालते हुए टीम को 15.4 ओवरों में जीत दिलाई। निकी 35 गेंदों में 6 चौकों के साथ 39 रन बनाकर नाबाद रहीं।

जिम्बाब्वे की तरफ से न्याशा ग्वानजुरा ने 3 ओवरों में 18 रन देकर 3 विकेट हासिल किए, जबकि मिशेल मावुंगा, ओलिंडर चारे और बिलव्ड बिजा को 1-1 विकेट हाथ लगा।

अन्य ख़बरें

एशियन गेम्स 2026 में देश के लिए जीता गोल्ड, ओडिशा के मुख्यमंत्री ने हॉकी खिलाड़ियों से की मुलाकात

Newsdesk

आईपीएल 2027: गोवा में 16 दिसंबर को मिनी ऑक्शन की संभावना

Newsdesk

सिर्फ 2.5 ओवरों में ‘अर्धशतक’, टी20 क्रिकेट में भारत ने बनाया ‘तूफानी रिकॉर्ड

Newsdesk

Leave a Comment

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading