25 अक्टूबर को युवा स्वयंसेवकों का विशेष शिविर, प्रांतीय पदाधिकारियों के साथ भी करेंगे बैठक
जबलपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत 24 अक्टूबर से तीन दिवसीय प्रवास पर जबलपुर आएंगे। इस दौरान वे महाकौशल प्रांत के कॉलेजों में अध्ययनरत युवा स्वयंसेवकों से संवाद करने के साथ संघ के स्थानीय एवं प्रांतीय पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा करेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 24 अक्टूबर को डॉ. भागवत जबलपुर महानगर के प्रमुख पदाधिकारियों, मुख्य शिक्षकों और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। इसमें संगठन के कामकाज और स्थानीय स्तर पर संचालित गतिविधियों की समीक्षा की जाएगी।
25 अक्टूबर को युवा स्वयंसेवकों का विशेष शिविर आयोजित होगा। इसमें महाकौशल प्रांत के कॉलेजों में पढ़ने वाले स्वयंसेवक शामिल होंगे। डॉ. भागवत का युवाओं के साथ संवाद इस प्रवास का प्रमुख कार्यक्रम रहेगा।
प्रवास के अंतिम दिन 26 अक्टूबर को संघ प्रमुख की प्रांतीय कार्यकारिणी और विभाग टोली के सदस्यों के साथ बैठक प्रस्तावित है। इसमें संगठन की गतिविधियों, कार्ययोजना और समसामयिक विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
संघ प्रमुख के तीन दिवसीय प्रवास को संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि, कार्यक्रम के विस्तृत विवरण और अन्य गतिविधियों की जानकारी सामने आने पर प्रवास की रूपरेखा और स्पष्ट होगी।


