कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने अधिकारियों को प्रत्येक तहसील में एक दिन में स्वामित्व योजना के तहत 500 रजिस्ट्री करने का दिया लक्ष्य
जबलपुर। कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा ने सीएम हेल्पलाइन की 50 दिवस से अधिक समय से लंबित शिकायतों के निराकरण को लेकर अधिकारियों को गंभीरता से कार्य करने के निर्देश दिए हैं। समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि अगले 10 दिनों तक लंबित शिकायतों के निराकरण पर विशेष ध्यान दिया जाए। राजस्व विभाग में 50 दिवस से अधिक समय से लंबित शिकायतों के निराकरण के लिए अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
स्वामित्व योजना की रजिस्ट्री की समीक्षा
कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने बैठक में स्वामित्व योजना के अंतर्गत रजिस्ट्री की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने एसडीएम से तहसीलवार रजिस्ट्री की स्थिति और दिनभर में हुई प्रगति की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि विभिन्न तहसीलों में रजिस्ट्री का कार्य जारी है। कई स्थानों पर रजिस्ट्री पूरी की गई हैं, जबकि कुछ मामलों में दस्तावेजों को सबमिट करने और लंबित प्रक्रियाओं को पूरा करने का काम चल रहा है।
प्रत्येक तहसील में एक दिन में 500 रजिस्ट्री का लक्ष्य –
स्वामित्व योजना के तहत रजिस्ट्री की गति बढ़ाने के लिए कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने प्रत्येक तहसील में एक दिन में 500 रजिस्ट्री पूरी करने का लक्ष्य दिया। उन्होंने एसडीएम से इस लक्ष्य को चुनौती के रूप में लेते हुए कार्य करने को कहा।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रजिस्ट्री कार्य की नियमित निगरानी करें और उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए प्रगति बढ़ाएं।


