23.5 C
Jabalpur
October 27, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

बिहार विधान परिषद की आठ सीटों पर मतगणना जारी, 150 प्रत्याशियों की किस्मत का होगा फैसला

पटना,  बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के लिए 23 अक्टूबर को हुए मतदान के बाद मंगलवार सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू हो गई है। चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की इन सीटों पर मतगणना के साथ ही कुल 150 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला होगा। चुनाव परिणाम शाम तक आने की उम्मीद है। मतगणना के लिए सभी संबंधित प्रमंडलीय मुख्यालयों में केंद्र बनाए गए हैं, जहां कड़ी सुरक्षा के बीच निर्धारित प्रक्रिया के तहत मतों की गिनती जारी है। चुनाव आयोग के अनुसार, मतगणना को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। मतगणना कार्य की निगरानी के लिए प्रेक्षकों और कर्मियों की तैनाती की गई है। इन चुनावों में स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों से 90 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों से 60 प्रत्याशी चुनावी मैदान में थे।

अब सभी की निगाहें मतगणना के अंतिम परिणामों पर टिकी हैं। इन आठ सीटों में पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का मुकाबला राजनीतिक रूप से खास माना जा रहा है। इस सीट के परिणाम को लेकर विशेष उत्सुकता है। यहां का चुनावी परिणाम मोकामा के विधायक अनंत सिंह की राजनीतिक प्रतिष्ठा से भी जोड़कर देखा जा रहा है। अनंत सिंह ने जन सुराज समर्थित प्रत्याशी के पक्ष में समर्थन जताया था और चुनाव के दौरान इस सीट को लेकर काफी चर्चा रही। ऐसे में परिणाम उनके राजनीतिक प्रभाव के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है। 23 अक्टूबर को स्नातक कोटे की पटना, दरभंगा, तिरहुत और कोसी सीटों के लिए मतदान हुआ था। वहीं, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की चार सीटों पर भी उसी दिन वोट डाले गए थे। मतगणना में पहले शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के परिणाम आने की संभावना जताई जा रही है।

इन सीटों पर स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की तुलना में मतदाताओं की संख्या कम है, हालांकि मतदान प्रतिशत के मामले में शिक्षक मतदाता आगे रहे थे। मतगणना में पहले प्रथम वरीयता के मतों की गिनती होगी। यदि इसके आधार पर किसी प्रत्याशी की जीत का निर्णय नहीं होता है, तो द्वितीय वरीयता के मतों की गिनती की जाएगी। यह प्रक्रिया विजेता का फैसला होने तक जारी रहेगी। विधान परिषद की इन आठ सीटों के चुनाव में प्रमुख राजनीतिक दलों ने पूरी ताकत लगाई। भाजपा और जदयू ने चार-चार सीटों पर प्रत्याशी उतारे, जबकि राजद ने छह और कांग्रेस ने पांच सीटों पर चुनाव लड़ा। जन सुराज ने सभी आठ निर्वाचन क्षेत्रों में अपने उम्मीदवार उतारे। प्रत्याशियों की संख्या के लिहाज से दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र सबसे आगे रहा, जहां 40 उम्मीदवार चुनावी मैदान में थे। वहीं, पटना शिक्षक और सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में 18-18 प्रत्याशियों के चुनावी भाग्य का फैसला होगा। मतगणना के परिणाम से न केवल प्रत्याशियों की राजनीतिक स्थिति स्पष्ट होगी, बल्कि इन निर्वाचन क्षेत्रों में विभिन्न दलों के प्रभाव का भी आकलन किया जा सकेगा।

अन्य ख़बरें

गुजरात सरकार की डिजिटल सर्विस से नागरिकों की सरकारी योजनाओं तक पहुंच हुई आसान

Newsdesk

, उल्लास और भक्ति के साथ मनाया शरदोत्सव, डांडिया-गरबा में झूमे भक्तजनश्रद्धा

Newsdesk

भोपाल में भाजपा का कांग्रेस कार्यालय पर प्रदर्शन

Newsdesk

Leave a Comment

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading