जबलपुर। मदनमहल थाना क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार का खुलासा करते हुए पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी लोहे के बॉक्स में बड़ी मात्रा में देशी और अंग्रेजी शराब छिपाकर बिक्री के लिए रखे हुए था। पुलिस ने उसके कब्जे से 250 पाव देशी शराब और बैगपाइपर अंग्रेजी शराब की 22 बोतलें जब्त की हैं।
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर डॉ. आयुष जाखड़ एवं नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली अखिलेश गौर के मार्गदर्शन में मदनमहल पुलिस ने यह कार्रवाई की।
थाना प्रभारी उमेश यादव ने बताया कि 29 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दिन्नू उर्फ दिनेश विश्वकर्मा निवासी शिवनगर, गौरेया प्लाट मदनमहल में सौरभ कुशवाहा के घर के सामने रखे लोहे के बॉक्स में अवैध रूप से बिक्री के लिए शराब छिपाकर रखे हुए है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर भागने का प्रयास कर रहे संदिग्ध को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।
पूछताछ में उसकी पहचान दिनेश उर्फ दिन्नू विश्वकर्मा (40 वर्ष), निवासी शर्मा आटा चक्की के पास शिवनगर के रूप में हुई। पुलिस ने उससे लोहे के बॉक्स का ताला खुलवाया तो उसमें सात कार्टून मिले। इनमें पांच कार्टून में 50-50 पाव के हिसाब से कुल 250 पाव देशी शराब तथा दो कार्टून में बैगपाइपर अंग्रेजी शराब की 22 बोतलें रखी थीं। पुलिस ने पूरी शराब जब्त कर आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है।


