जनसुनवाई में पहुंची पार्वती कोल की समस्या पर कलेक्टर ने दिखाई तत्परता, घर पहुंचकर सौंपा स्वीकृति पत्र
जबलपुर। जनसुनवाई में प्राप्त एक पीड़ित महिला की समस्या पर कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा ने तत्काल संवेदनशीलता दिखाते हुए चार लाख रुपये की अनुग्रह सहायता राशि स्वीकृत कराई है। सिहोरा के वार्ड क्रमांक-1 निवासी पार्वती कोल के पति स्व. कमलेश कोल की 29 जनवरी 2026 को मुहारी डेम में डूबने से अकाल मृत्यु हो गई थी। पति की मृत्यु के बाद परिवार आर्थिक संकट से जूझ रहा था।
पार्वती कोल अपनी समस्या लेकर जनसुनवाई में कलेक्टर के समक्ष पहुंचीं। उनकी परेशानी को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने तत्काल एसडीएम ग्रामीण को नियमानुसार अनुग्रह सहायता राशि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर के निर्देश पर एसडीएम ग्रामीण ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राजस्व पुस्तक परिपत्र (आरबीसी) 6-4 के प्रावधानों के तहत मृतक के परिवार के लिए चार लाख रुपये की सहायता राशि स्वीकृत कर दी।
प्रशासन की तत्परता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि स्वीकृति पत्र लेकर संबंधित अधिकारी स्वयं पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और पार्वती कोल को सहायता राशि का स्वीकृति पत्र प्रदान किया।
इस आर्थिक सहायता से पति को खोने के बाद कठिन परिस्थितियों का सामना कर रहे परिवार को बड़ी राहत मिली है। जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों और समस्याओं के त्वरित निराकरण की दिशा में जिला प्रशासन की यह कार्रवाई संवेदनशील पहल के रूप में सामने आई है।


