दो
महिला उद्यमी पल्लवी पटेल ने छह साल में खड़ा किया फूड प्रोसेसिंग उद्योग, एमएसएमई योजना से मिली 48 लाख की सहायता
जबलपुर। मेहनत, लगन और आत्मनिर्भर बनने के संकल्प से महिला उद्यमी पल्लवी पटेल ने सफलता की नई इबारत लिखी है। महज दो हजार रुपये से शुरू हुआ उनका कारोबार आज लगभग 3.5 करोड़ रुपये के वार्षिक टर्नओवर तक पहुंच गया है। उनकी फूड प्रोसेसिंग इकाई किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के साथ 25 से 30 लोगों को रोजगार भी दे रही है।
आईटी सेक्टर में नौकरी करने वाली पल्लवी ने वर्ष 2018 में पुणे में पेंस एसोसिएट नाम से कंसल्टेंसी फर्म शुरू की। कृषि और खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र का अध्ययन करने के बाद उन्होंने वर्ष 2021-22 में जबलपुर के उमरिया डुंगरिया औद्योगिक क्षेत्र, चरगवां में वाम एग्रो प्रोसेसिंग इकाई स्थापित की।
शुरुआत में 100 वर्गफीट की किराए की जगह से शुरू हुआ यह कारोबार आज 33 हजार वर्गफीट में संचालित हो रहा है। यहां तैयार उत्पादों की आपूर्ति देश की बड़ी मल्टीनेशनल कंपनियों के साथ विदेशों में भी की जा रही है।
उद्योग के विस्तार में एमएसएमई प्रोत्साहन योजना का भी योगदान रहा। जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के माध्यम से उन्हें 48 लाख रुपये की वित्तीय सहायता मिली।
पल्लवी की इकाई में वर्तमान में 25 से 30 लोगों को रोजगार मिल रहा है। उनका उद्देश्य किसानों की सब्जियों की बर्बादी रोककर उन्हें उचित मूल्य दिलाना है। इसके लिए उन्होंने आजीविका मिशन के महिला स्वयं सहायता समूहों को भी अपनी इकाई से जोड़ने का प्रस्ताव जिला पंचायत सीईओ को दिया है।


