बालाघाट, 04 नवंबर 2026। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय जटाशंकर त्रिवेदी स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आईक्यूएसी के फ्लैगशिप कार्यक्रम ‘कौशल्यम’ के अंतर्गत 21 से 31 अक्टूबर तक 10 दिवसीय मोमबत्ती निर्माण कार्यशाला सह प्रदर्शनी का आयोजन किया गया।
कार्यशाला प्राचार्य डॉ. अशोक कुमार मराठे के मार्गदर्शन एवं डॉ. सीमा श्रीवास्तव के निर्देशन में समाजशास्त्र विभाग, भारतीय ज्ञान परंपरा प्रकोष्ठ एवं कैरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुई। प्रशिक्षक श्रीमती राजश्री जायसवाल ने विद्यार्थियों को मोमबत्ती निर्माण, रंग एवं सुगंध का उपयोग, सांचों से आकर्षक डिजाइन तैयार करने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। समापन अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई रंग-बिरंगी मोमबत्तियों की प्रदर्शनी लगाई गई, जिसका शुभारंभ प्राचार्य डॉ. अशोक कुमार मराठे एवं डॉ. पी.एस. कातुलकर ने किया।
कार्यशाला में पांच विद्यार्थियों ने मोमबत्ती निर्माण को व्यवसाय के रूप में अपनाकर स्वरोजगार शुरू करने का संकल्प लिया। इस दौरान सतपुड़ा कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड पॉलीटेक्निक के अतिथियों ने रोजगार के अवसरों एवं ‘जॉब सही’ ऐप की जानकारी देकर विद्यार्थियों को डिजिटल माध्यम से रोजगार तलाशने के लिए प्रेरित किया।
प्राचार्य डॉ. मराठे ने कहा कि इस तरह की कार्यशालाएं विद्यार्थियों में कौशल विकास, आत्मनिर्भरता एवं स्वरोजगार की भावना विकसित करती हैं। कार्यशाला के सफल आयोजन में डॉ. सीमा श्रीवास्तव, डॉ. कंचन मसराम, डॉ. प्रतिभा बिसेन, प्रो. चित्रमाला भीमटे सहित महाविद्यालय के समस्त स्टाफ का सहयोग रहा।


