कोतमा। कोयलांचल क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एक सराहनीय पहल की गई है। कोतमा कालरी चिकित्सालय में किम्स अस्पताल बिलासपुर के सौजन्य से एक दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में क्षेत्र के लगभग 65 मरीजों ने पहुंचकर अपनी स्वास्थ्य जांच कराई।
विशेषज्ञ डॉक्टरों ने दी सेवाएं, बांटी गई दवाइयां
शिविर में बिलासपुर से आए न्यूरोसर्जन डा रवि शेखर कृष्णा न्यूरोलाजिस्ट डाक्टर सुधा राम छाती रोग डॉक्टर सहित विषय विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उपस्थित रही। डॉक्टरों ने मरीजों की गंभीर व मौसमी बीमारियों का गहन परीक्षण किया और उन्हें उचित चिकित्सीय परामर्श दिया। जांच के बाद अस्पताल प्रबंधन द्वारा मरीजों को निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं, जिससे स्थानीय लोगों को काफी राहत मिली।
हर माह मिलेगा शिविर का लाभ
कोतमा कालरी डाक्टर रवि शेखर कृष्णा ने बताया कि कोयलांचल क्षेत्र के लोगों को बेहतर इलाज के लिए दूर न जाना पड़े, इसलिए अब इस तरह के निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन हर माह नियमित रूप से किया जाएगा। इस घोषणा से स्थानीय नागरिकों और कालरी कर्मचारियों में हर्ष का माहौल है। शिविर को सफल बनाने में कोतमा कालरी चिकित्सालय स्टाफ और किम्स अस्पताल की टीम का सराहनीय योगदान रहा।


