**
_1 नवंबर को आया था फोन, जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद नागपुर किया गया था रेफर; मौत के कारणों को लेकर चर्चाओं का दौर_
सी टाइम्स मोहगांव – आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मोहगांव के सीईओ एवं प्रशासक दिलीप डेहरिया की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद नागपुर में उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना को लेकर सहकारिता क्षेत्र में चर्चाओं का दौर बना हुआ है। हालांकि उनकी मौत का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 1 नवंबर को गोपालगंज शाखा प्रबंधक तुलसी बघेल और मोहगांव समिति के सीईओ एवं प्रशासक दिलीप डेहरिया के बीच फोन पर बातचीत हुई थी। बताया जाता है कि बातचीत का संबंध पूर्व प्रशासक द्वारा अपेक्स बैंक के प्रशासक के सिवनी आगमन को लेकर था। इस बातचीत के बाद अचानक दिलीप डेहरिया की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें पहले जिला अस्पताल सिवनी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर उपचार के लिए नागपुर रेफर किया गया। नागपुर में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटनाक्रम के समय और फोन पर हुई बातचीत को लेकर अब कई सवाल उठ रहे हैं। क्या बातचीत के दौरान किसी तरह का मानसिक दबाव बना था? क्या तबीयत बिगड़ने के पीछे कोई अन्य स्वास्थ्य संबंधी कारण था? हालांकि इन सवालों के संबंध में फिलहाल कोई ठोस तथ्य सामने नहीं आया है और न ही मानसिक दबाव की बात की आधिकारिक पुष्टि हुई है।
दिलीप डेहरिया की अचानक हुई मौत सहकारिता क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। मौत के वास्तविक कारणों का पता चिकित्सकीय एवं अन्य तथ्यों के सामने आने के बाद ही चल सकेगा।


