
नई दिल्ली, 14 जून | पर्दे के महेंद्र सिंह धोनी यानी बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह की मौत पर पूरा खेल जगत दुखी है और कई दिग्गज खिलाड़ियों ने सुशांत के निधन पर शोक जताया है। सुशांत ने रविवार को बांद्रा स्थित अपने घर में आत्महत्या कर ली। वह महज 34 साल के थे। सुशांत ने भारतीय टीम के महान कप्तानों में गिने जाने वाले महेंद्र सिंह धोनी के जीवन पर बनी फिल्म ‘एम एस धोनी . द अनटोल्ड स्टोरी’ में धोनी का किरदरा निभाया था और सभी ने उनके अभिनय की तारीफ की थी।
क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन ने सुशांत के निधन पर ट्वीट कर शोक व्यक्त करते हुए लिखा, “सुशांत सिंह राजपूत के निधन की खबर सुनकर दुखी हूं। वह काफी युवा और बेहतरीन अभिनेता थे। उनके परिवार और दोस्तों के साथ मेरी संवेदनाएं। भगवान उनकी आत्म को शांति दे।”
सचिन के सलामी जोड़ीदार वीरेंद्र सहवाग ने ट्वीट किया, “जिंदगी बहुत नाजुक है। हम नहीं जानते कि कौन किस स्थिति से गुजर रहा है। ओम शांति”
भारतीय टीम के मौजूदा कप्तान विराट कोहली ने ट्वीट किया, “सुशांत सिंह राजपूत की मौत की खबर सुनकर दुखी हूं। इसे पचा पाना मुश्किल है। भगवान उनकी आत्म को शांति दे। भगवान उनके परिवार और दोस्तों को मजबूती दे।”
भारतीय टीम के कोच रवि शास्त्री ने लिखा, सुशांत सिंह की अचानक चले जाने से मैं काफी दुखी हूं। वायदों और संभावनाओं से भरा जीवन अचनाक थम गया। उनके परिवार और प्रशंसकों के साथ मेरी संवेदनाएं।
टीम के पूर्व कोच और कप्तान अनिल कुंबले ने ट्वीट किया, “सुशांत सिंह के निधन की खबर सुनकर हैरान और दुखी हूं। उनके परिवार को और दोस्तों के साथ संवेदनाएं। एक प्रतिभाशाली अभिनेता बहुत जल्दी चला गया।”
भारतीय टेस्ट टीम के उप-कप्तान अजिंक्य रहाणे ने लिखा, सुशांत सिंह की मौत की खबर सुन वाकई दुख और हैरानी हुई। भगवान उनकी आत्म को शांति दे।
टेनिस स्टार सानिया मिर्जा ने लिखा, सुशांत आपने कहा था कि हम साथ में टेनिस खेलेंगे। आप जिंदगी और मुस्कुराहट से भरे थे। जहां जाते थे खुशियां बांटते थे। हमें पता भी नहीं था कि आप इतनी बुरी तरह से दुखी हो। यह दुनिया तुम्हें याद करेगी। मैं जब यह लिख रही हूं तो मेरे हाथ कांप रहे हैं। भगवान आपकी आत्मा को शांति दे दोस्त।
भारत के पुरुष कुश्ती खिलाड़ी बजरंग पुनिया ने लिखा, सुशांत सिंह की दुखद खबर। ओम शांति।
भारत की महिला हॉकी टीम की कप्तान रानी रामपाल ने लिखा, बेहद प्रतिभाशाली अभिनेता के निधन की खबर सुनकर काफी दुख पहुंचा। उनके परिवार और दोस्तों के साथ मेरी संवेदनाएं। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे।


