शिमला ,17 अक्टूबर (आरएनएस)। हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और उनके पुत्र विक्रमादित्य सिंह की निजी सुरक्षा बढ़ाई जाएगी। राज्य चुनाव आयोग ने इसको लेकर पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को पत्र लिखा है। एक-दो दिनों में इस संबंध में आदेश जारी हो जाएंगे। प्रदेश कांग्रेस विधि विभाग एवं मानव अधिकार विभाग के कार्यकारी अध्यक्ष प्रणय प्रताप सिंह की ओर से इस संबंध में राज्य चुनाव आयोग को पत्र भेजा था। इसमें कहा गया था कि हाल ही में विक्रमादित्य सिंह को खालिस्तानी समर्थकों की ओर से धमकी मिली थी।
पत्र में लिखा था कि चुनाव प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। प्रचार अभियान और बड़ी रैलियों में प्रतिभा सिंह एवं विक्रमादित्य सिंह जाएंगे। ऐसे में कानून-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। कांग्रेस के पत्र के बाद आयोग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए डीजीपी को निर्देश जारी कर दिए हैं। अभी एक-एक सुरक्षाकर्मी विधायक व सांसदों को दिया जाता है। आयोग के निर्देश के बाद इनकी संख्या बढ़ा दी जाएगी। प्रदेश कांग्रेस ने चुनाव आयोग से 23 एवं 24 अक्टूबर को अवकाश के दौरान भी उम्मीदवारों से नामांकन पत्र स्वीकार करने का आग्रह किया है। प्रदेश कांग्रेस विधि विभाग के कार्यकारी अध्यक्ष प्रणय प्रताप सिंह ने प्रदेश के मुख्य चुनाव अधिकारी को पत्र लिखा है। इसकी प्रति भारत के मुख्य चुनाव आयोग को भी भेजी गई है। पत्र में पंजाब विधानसभा चुनाव का हवाला दिया है। उन्होंने कहा कि है कि ऐसे ही राजपत्रित अवकाश के दौरान आयोग ने पंजाब में प्रत्याशियों के नामांकन स्वीकार किए थे।


