23.5 C
Jabalpur
October 27, 2026
सी टाइम्स
क्राइमराष्ट्रीयहेडलाइंस

प्रेमिका से मिलने गए युवक को लड़की के परिजनों ने पीट-पीटकर मार डाला

रांची, 4 मई | झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र में प्रेमिका से मिलने गये युवक सोमा चातर उर्फ बाटे को लड़की के परिजनों ने पीट-पीटकर मार डाला। वह 25 साल का था। इस मामले में लड़के की मां जेमा चातर के बयान पर हाटगम्हरिया थाने में लड़की के पिता और भाई समेत तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर की गई है। वहीं, युवक के शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया गया है। फिलहाल, इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि नूरदा गांव निवासी सोमा चातर उर्फ बाटे रात में अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचा था। दोनों कमरे में चोरी-छिपे मिल रहे थे, इसी बीच भनक लगने पर लड़की के परिवार वाले वहां पहुंच गये और अपनी बेटी के साथ सोमा चातर को देखकर आक्रोशित हो उठे।

उसके बाद सोमा को लाठी-डंडे से पीट-पीटकर लहूलुहान कर दिया। इसके बाद जख्मी अवस्था में ही रात को उसे घर से लगभग 300 फीट दूर एक खेत में फेंक दिया।

सोमा चातर रात भर जख्मी हालत में खेत में ही पड़ा रहा। दूसरे दिन बुधवार सुबह शौच के लिए जा रहे ग्रामीणों ने सोमा को जख्मी अवस्था में खेत में पड़ा देखा और उसके परिजनों को इसकी सूचना दी।

सूचना मिलते ही सोमा चातर के मां जेमा चातर खेत पर पहुंची। वहां से अपने बेटे को घर ले आई। घर में लाने के कुछ ही घंटों बाद ही सोमा चातर की मौत हो गई।

परिजनों और ग्रामीणों ने सोमा की मौत की सूचना पुलिस को न देकर मामले को दबाने का प्रयास किया। शव को भी दफनाने की तैयारी कर ली गयी।

इस बीच गुप्त सूचना के बाद हाटगम्हरिया पुलिस गांव पहुंची और सोमा के शव को अपने कब्जे में ले लिया। उसके बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चाईबासा भेज दिया।

मृतक की मां जेमा चातर ने पुलिस को बताया कि घटना के दिन सोमा चातर के घर से निकलने की उन्हें कोई जानकारी नहीं थी। दूसरे दिन बेटा जख्मी अवस्था में खेत में पड़ा मिला।

थाना प्रभारी बालेश्वर उरांव ने बताया कि मृतक की मां जेमा चातर ने लड़की के परिवार वालों पर शक जताया है।

फिलहाल, संदेह के आधार पर तीन लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। इस मामले में अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। थाना प्रभारी ने बताया कि इस मामले की छानबीन चल रही है। आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जायेगा।

अन्य ख़बरें

सुप्रीम कोर्ट में चुनाव आयोग की सफाई, एसआईआर पर मुख्य चुनाव आयुक्त के फैसलों को बताया सामूहिक

Newsdesk

पटाखों के खिलाफ सेलिब्रिटी कैंपेन के लिए सरकारी पैसे का इस्तेमाल नहीं होगा: बॉम्बे हाई कोर्ट

Newsdesk

जल, थल व वायुसेना के लिए 2.12 लाख करोड़ रुपए के रक्षा सौदों को मंजूरी

Newsdesk

Leave a Comment

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading