November 3, 2026
सी टाइम्स
राष्ट्रीयहेडलाइंस

‘पेपर स्प्रे’ छिड़कने के मामले में गोवा शिक्षा विभाग ने स्कूल को थमाया कारण बताओ नोटिस

पणजी, 18 अगस्त । उत्तरी गोवा के बिचोलिम में एक हायर सेकेंडरी स्कूल में 11 छात्राओं पर पेपर स्प्रे छिड़कने के मामले में गोवा शिक्षा विभाग ने स्कूल प्रबंधन को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। बताया जा रहा है कि इसी स्‍कूल के छात्रों ने छात्राओं पर पेपर स्प्रे का छिड़काव किया था।

गुरुवार को उत्तरी गोवा के बिचोलिम में एक हायर सेकेंडरी स्कूल में इस घटना के बाद 11 छात्राओं को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

शिक्षा निदेशक शैलेश झिंगाडे ने आईएएनएस को बताया कि स्कूल प्रबंधन को नोटिस का जवाब देने के लिए तीन दिन का समय दिया गया है।

उन्‍होंने कहा, “मुझे आज शाम तक उनसे जवाब की उम्मीद है। मैं उनके द्वारा सौंपी गई रिपोर्ट का अध्ययन करूंगा और फिर आगे की कार्रवाई के बारे में फैसला करूंगा।”

नोटिस में कहा गया है ”किसी भी शैक्षणिक संस्थान में ऐसी घटनाओं का घटित होना न केवल बच्चों के लिए बल्कि शैक्षणिक प्रणाली के लिए भी हानिकारक है, इसलिए आपको यह कारण बताने का निर्देश दिया जाता है कि स्कूल परिसर में ऐसी घटनाओं को रोकने में विफल रहने के लिए प्रबंधन के खिलाफ उचित कार्रवाई क्यों नहीं शुरू की जानी चाहिए।”

लड़कों द्वारा पेपर स्प्रे का इस्तेमाल करने के पीछे का सटीक कारण अभी तक स्पष्ट नहीं है, लेकिन सूत्रों ने कहा कि उन्होंने शरारत में ऐसा किया।

बिचोलिम के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने आईएएनएस को बताया कि पुलिस ने घटना पर संज्ञान लिया है और स्कूल प्रबंधन से उनकी आंतरिक समिति द्वारा रिपोर्ट तैयार करने के बाद संस्थान से सीसीटीवी फुटेज जमा करने को कहा है।

पुलिस ने कहा, “जिन छात्रों ने पेपर स्प्रे का इस्तेमाल किया, वे दोनों नाबालिग हैं। इसलिए, स्कूल की आंतरिक समिति घटना की जांच कर रही है। वे एक रिपोर्ट तैयार करेंगे और उन लड़कों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे जिन्होंने लड़कियों पर इसे छिड़का था।”

पुलिस के मुताबिक जिन दो लड़कों ने पेपर स्प्रे का इस्तेमाल किया था, उन्होंने इसे एक ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म से खरीदा था।

अधिकारी ने कहा, “11 छात्राओं को जलन और बेचैनी महसूस हाेने पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया। उनमें से कुछ को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई।”

उन्होंने कहा कि इसी तरह की घटना पहले भी इसी स्कूल में हुई थी और दो लड़कों के खिलाफ कार्रवाई की गई थी।

अधिकारी ने कहा, “दोनों घटनाओं के अपराधी अलग-अलग हैं। हम इस पर काम कर रहे हैं ताकि ऐसे मामले दोबारा न हों।”

अन्य ख़बरें

‘राहुल गांधी मॉक पार्लियामेंट में ही प्रधानमंत्री बन सकते हैं’, हैदराबाद से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का करारा तंज

Newsdesk

गृह मंत्रालय ने विदेशी नागरिकों के बेहतर प्रबंधन के लिए एफआरआरओ ढांचे का विस्तार किया

Newsdesk

अगली अकाली सरकार ‘मेड इन पंजाब’ उत्पादों को बढ़ावा देगी : सुखबीर बादल

Newsdesk

Leave a Comment