21.4 C
Jabalpur
October 25, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

चिराग पासवान ने हाजीपुर और राजीव प्रताप रूडी ने सारण से भरा नामांकन

पटना, 2 मई । पूर्व केंद्रीय मंत्री और सारण से भाजपा प्रत्याशी राजीव प्रताप रूडी तथा हाजीपुर से लोजपा (रामविलास) के प्रत्याशी चिराग पासवान ने नामांकन पर्चा दाखिल किया। नामांकन पत्र भरने के पहले दोनों नेताओं ने पूजा-अर्चना की।

सारण लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी राजीव प्रताप रूडी के नामांकन पत्र दाखिल करने के समय उनके साथ उनकी पत्नी और दोनों बेटी मौजूद थी। रूडी नामांकन पत्र भरने के पहले शिवालय गए और भगवान महादेव का आशीर्वाद लिया। इसके बाद एक रोड शो में शामिल हुए।

पत्रकारों से चर्चा के दौरान रूडी ने राजद पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग संविधान बदलने की अफवाह फैलाकर वोट पाना चाह रहे हैं, जो सरासर गलत है। जनता सब जानती है। नामांकन के बाद राजेंद्र स्टेडियम में जनसभा हुई, जिसमें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई बड़े नेता शामिल हुए।

सारण लोकसभा सीट पर पांचवें चरण के तहत 20 मई को मतदान होने वाला है। राजद ने इस सीट से रोहिणी आचार्य को मैदान में उतारा है। रोहिणी आचार्य अपना नामांकन पहले ही दाखिल कर चुकी हैं। रोहिणी आचार्य पहली बार चुनाव में अपनी किस्मत आजमा रही हैं।

हाजीपुर से लोजपा (रामविलास) के प्रत्याशी चिराग पासवान ने नामांकन पत्र भरने के पहले रोड शो में हिस्सा लिया। इस दौरान लोगों का जनसैलाब देखने को मिला। उन्होंने पत्रकारों से कहा कि आज पापा (रामविलास पासवान) जी नहीं हैं, जिनकी कमी खल रही है। उनके कर्मक्षेत्र को अब अपना कर्मक्षेत्र बना रहा हूं, आशा है लोगों का आशीर्वाद मिलेगा।

चिराग पासवान के नामांकन के दौरान केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी, उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा सहित एनडीए के तमाम बड़े नेता मौजूद रहे। इससे पहले चिराग अपनी मां का आशीर्वाद लेकर घर से नामांकन करने के लिए रवाना हुए। हाजीपुर में भी पांचवें चरण के तहत मतदान होना है। राजद ने यहां से शिवचंद्र राम को प्रत्याशी बनाया है।

अन्य ख़बरें

अयोध्या में रामलला के दर्शन के समय में बड़ा बदलाव, एक नवंबर से सुबह चार बजे खुलेंगे मंदिर के कपाट

Newsdesk

महाकौशल दौरे पर 28 को आ रहे प्रवीण तोगड़िया, तैयारी तेज

Newsdesk

बाउंड्रीवाल के लिए काट दिए एक दर्जन हरे-भरे पेड़, एनओसी लेने पर भी सवाल

Newsdesk

Leave a Comment

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading