November 5, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिकराष्ट्रीय

सुदर्शन पटनायक ने 500 किलो आम से तैयार की कलाकृति, लोगों से की वोट डालने की अपील

पुरी (ओडिशा), 25 मई । देश में लोकसभा चुनाव के छठे चरण का मतदान सुबह सात बजे से शुरू हो चुका है, जो शाम छह बजे तक जारी रहेगा। इस बीच वोट की अहमियत को दर्शाते हुए मशहूर रेत कलाकार सुदर्शन पटनायक ने ओडिशा के पुरी बीच पर आम का इस्तेमाल कर एक कलाकृति बनाई है। सुदर्शन पटनायक ने इस कलाकृति के माध्यम से लोगों से वोट डालने की अपील की है। उन्होंने यह कलाकृति दो हजार वर्ग फीट में 500 किलो आम की मदद से तैयार की है। सुदर्शन पटनायक ने अपने एक्स अकाउंट पर कलाकृति का एक वीडियो भी पोस्ट किया। इसके कैप्शन में उन्होंने लिखा, “चुनाव का पर्व, देश का गर्व। मैंने ओडिशा के पुरी बीच पर 500 किलो आम से रेत पर कलाकृति बनाई है।” उन्होंने इस पर मतदान के बारे में जागरूकता फैलाने के लिए ‘आपका वोट आपकी आवाज’ मैसेज लिखा है और कहा, कृपया बाहर निकलें और मतदान करें। रिपोर्ट के अनुसार, सुदर्शन पटनायक ने बताया कि इस कलाकृति को बनाने में लगभग पांच घंटे का समय लगा। इसे बनाने में उनके संस्थान के छात्रों ने भी उनकी मदद की। इसके अलावा उन्होंने कहा कि इस समय गर्मी का मौसम चल रहा है और आम सभी का पसंदीदा फल है। यही कारण है कि लोगों से वोट करने की अपील के लिए हमने कलाकृति में आम का इस्तेमाल किया। रेत पर अद्भुत कलाकृतियां उकेरने के लिए मशहूर सुदर्शन पटनायक ने इससे पहले पुरी में भगवान जगन्नाथ को नमन करते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रेत कलाकृति बनाई थी। इसे देखकर लोग हैरान रह गए थे। बता दें कि ओडिशा में लोकसभा चुनाव के साथ विधानसभा चुनाव भी हो रहा है। राज्य की 42 विधानसभा सीट पर शनिवार सुबह से वोटिंग जारी है।

अन्य ख़बरें

धीरेंद्र शास्त्री के बयानों पर यादव समाज में उबाल

Newsdesk

कुलगुरु प्रो. राजेश कुमार वर्मा की मुश्किलें बढ़ीं, उच्च शिक्षा विभाग ने संभागायुक्त से मांगी जांच रिपोर्ट

Newsdesk

दीपावली और छठ पर जगमगाएगा शहर, 27 घाटों पर होंगे विशेष इंतजाम

Newsdesk

Leave a Comment