21.4 C
Jabalpur
October 25, 2026
सी टाइम्स
राष्ट्रीय

4 जून को होगा एक नया सवेरा : राहुल गांधी

 नई दिल्ली, 1 जून । देश में 57 लोकसभा सीटों के लिए शनिवार को मतदान हो रहा है। इस बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक बार फिर ‘इंडिया’ ब्लॉक की सरकार बनने की उम्मीद जताई है। उन्होंने कहा कि 4 जून को “एक नया सवेरा” होने वाला है। आज लोकसभा चुनाव के लिए मतदान का अंतिम दौर है। गौरतलब है कि शनिवार को मतदान समाप्त होने के उपरांत वोटिंग प्रक्रिया पूरी हो जाएगी और इसके बाद 4 जून को वोटों की गिनती होगी। राहुल गांधी ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि अब तक के रुझानों से स्पष्ट है कि देश में ‘इंडिया’ की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने मतदाताओं से कहा, “मुझे गर्व है कि झुलसा देने वाली गर्मी में भी आप सभी लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए वोट देने निकले हैं। आज भी बड़ी संख्या में बाहर निकल कर अहंकार और अत्याचार का प्रतीक बन चुकी इस सरकार पर अपने वोट से अंतिम प्रहार ज़रूर कीजिए। 4 जून का सूरज देश में एक नया सवेरा लाने जा रहा है।” कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि आज चुनाव का आखिरी चरण है और अब तक यह साफ हो चुका है कि ‘इंडिया’ गठबंधन की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने मतदाताओं से कहा, “आपकी अधिक से अधिक भागीदारी ‘इंडिया’ को और ज्यादा मजबूत बनाएगी। अपने अनुभव के आधार पर, अपने विवेक से, अपने मुद्दों पर भारी से भारी संख्या में मतदान करें। अपने संविधान, अपने लोकतंत्र के लिए मतदान करें और एक ऐसी सरकार बनाएं जो सिर्फ आपके लिए काम करे।” दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी मतदाताओं से अपील में कहा, “लोकतंत्र के इस महापर्व में देश आज आखिरी चरण में मतदान कर रहा है। आप सभी से निवेदन है कि भारी संख्या में लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए अपने मताधिकार का इस्तेमाल ज़रूर करें। खुद भी वोट डालने जाएं और अपने आस-पड़ोस के लोगों को भी साथ लेकर जाएं। तानाशाही हारेगी, लोकतंत्र जीतेगा। अरविंद केजरीवाल पिछले कुछ दिनों से लगातार पंजाब में प्रचार कर रहे हैं। पंजाब की सभी 13 लोकसभा सीटों पर आज एक साथ मतदान हो रहा है। गौरतलब है कि अरविंद केजरीवाल को चुनाव प्रचार के लिए 1 जून तक की जमानत मिली थी और 2 जून को उन्हें सरेंडर करना है।

अन्य ख़बरें

महाराष्ट्र में अवैध हथियारों के कारोबार में शामिल होने के आरोप में छह युवक गिरफ्तार

Newsdesk

खड़गे के विवादित बयान पर भड़के भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, कांग्रेस अध्यक्ष से की माफी की मांग

Newsdesk

माफी मांगने का सवाल ही नहीं, बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया : सपा नेता सोनम बगवाड़ी

Newsdesk

Leave a Comment

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading