28.5 C
Jabalpur
October 27, 2026
सी टाइम्स
खेलराष्ट्रीय

जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने विश्व रिकॉर्ड धारक को बनाया नया कोच

नई दिल्ली, 9 नवंबर। लगातार दो ओलंपिक में पदक जीतने वाले स्टार जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने शनिवार को अपने करियर में एक रोमांचक नए अध्याय की शुरुआत की। उन्होंने जैवलिन थ्रो के दिग्गज जान जेलेज्नी के साथ एक नई पारी की शुरुआत की है। तीन बार के ओलंपिक चैंपियन और मौजूदा विश्व रिकॉर्ड धारक जान जेलेज्नी लंबे समय से चोपड़ा के आदर्श रहे हैं और अब वह कोच के रूप में उनका मार्गदर्शन करेंगे। दरअसल, नीरज चोपड़ा अभी तक जर्मन कोच क्लॉस बार्टोनिएट्ज के साथ काम कर रहे थे, लेकिन क्लॉस बार्टोनिएट्ज ने हाल ही में कोचिंग से संन्यास लिया है। चोपड़ा ने कहा, “मैं हमेशा से जान की तकनीक और सटीकता का मुरीद रहा हूं। मैंने उनके कई वीडियो देखे और उससे बहुत कुछ सीखा।

वह इतने वर्षों तक खेल में सर्वश्रेष्ठ रहे और मेरा मानना ​​है कि उनके साथ काम करना अमूल्य होगा क्योंकि हमारे थ्रो करने की शैली काफी मेल खाती है। उनका ज्ञान बेजोड़ है और भविष्य में उनका मार्गदर्शन मेरे लिए अहम होगा। अपने करियर में अगले स्तर की ओर बढ़ने के लिए जान का मेरे साथ होना सम्मान की बात है।” जान जेलेज्नी ने कहा, “मैंने कई साल पहले ही नीरज के बारे में एक बेहतरीन प्रतिभा के रूप में बात की है। जब मैंने उन्हें उनके करियर की शुरुआत में देखा था, तो मुझे शीर्ष परिणामों के लिए बहुत संभावनाएं महसूस हुईं। मैंने यह भी कहा कि अगर मुझे चेकिया के बाहर से किसी को कोचिंग देनी पड़े, तो मेरी पहली पसंद नीरज होंगे। मुझे उनकी कहानी पसंद है और मुझे उनमें बहुत संभावनाएं नज़र आती हैं, क्योंकि वह युवा हैं और सुधार करने में सक्षम हैं।

कई एथलीट कोचिंग के लिए मुझसे संपर्क कर रहे हैं, इसलिए मेरे लिए यह काम करना बहुत सम्मान की बात है। हम एक-दूसरे को और करीब से जान रहे हैं और दक्षिण अफ्रीका में एक पारंपरिक शीतकालीन शिविर में व्यक्तिगत रूप से शुरुआत करेंगे। मुझे उनकी प्रगति पर विश्वास है, खासकर तकनीकी पहलू में, ताकि वह मुख्य चैंपियनशिप में शीर्ष स्थान हासिल करना जारी रख सकें।” 1992, 1996 और 2000 ओलंपिक खेलों में स्वर्ण पदक विजेता जेलेज्नी के नाम अब तक के दस सर्वश्रेष्ठ थ्रो में से पांच हैं, और उन्होंने 1996 में जर्मनी में 98.48 मीटर के वर्तमान रिकॉर्ड को हासिल करने के दौरान चार बार विश्व रिकॉर्ड तोड़ा था। जब चोपड़ा ने टोक्यो 2020 में स्वर्ण पदक जीता था, तब जान जेलेज्नी दोनों अन्य पदक विजेताओं जैकब वाडलेज (रजत) और विटेजस्लाव वेस्ली (कांस्य) के कोच थे। उन्होंने दो बार की ओलंपिक चैंपियन और तीन बार की विश्व चैंपियन बारबोरा स्पोटाकोवा को भी कोचिंग दी है।

अन्य ख़बरें

धर्मेंद्र कश्यप सपा में शामिल, अखिलेश यादव बोले- चुनाव की तारीख घोषित होते ही हार जाएगी भाजपा

Newsdesk

डीएनपीए की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र को भेजा नोटिस, 17 नवंबर को होगी सुनवाई

Newsdesk

प्रधानमंत्री मोदी और लिकटेंस्टाइन प्रिंस एलोइस ने हैदराबाद हाउस में की मुलाकात

Newsdesk

Leave a Comment

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading