मुरैना, 4 फरवरी | मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में हुए जहरीली शराब कांड में बड़ा खुलासा हुआ है, यहां जहरीली शराब मिथाइल केमिकल (थिनर) से बनाई गई थी। पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार पांडेय ने बताया है कि शराब माफिया पहले ग्वालियर के अलावा फरीदाबाद व पंजाब से ओवर प्रूफ (ओपी) केमिकल मंगवाया करते थे, मगर इस बार उन्होंने आगरा से ओपी केमिकल की जगह मिथाइल (थिनर) केमिकल के पांच ड्रम मंगाए थे। यह काफी सस्ता था और इससे उनका मुनाफा बढ़ गया था।
पुलिस के अनुसार, केमिकल आगरा से लाया गया था और इसकी पैकिंग का सामान ग्वालियर में तैयार किया जाता था। इस बार आगरा से केमिकल में पांच ड्रम आए थे, जिनमें से एक-एक ड्रम छेरा और कांसपुरा भेजा गया, वहीं शेष तीन ड्रम को दोनारी गांव भेजा। छेरा में हुए हादसे के बाद शराब और केमिकल के ड्रम को नष्ट कर दिया गया। इस जहरीली शराब के कांड में 27 लोगों की मौत हुई थी।


